Advertisement

चीन पर मंडराया साउडलर का खतरा, 1.58 लाख लोग निकाले गए

चीन ने अपने दक्षिणपूर्वी फुजियान प्रांत की ओर तेजी से बढ़ रहे साउडलर तूफान से बचाव की कोशिशें तेज कर दी हैं। इसके मद्देजनर 1.58 लाख लोगों को उनके घरों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। यह तूफान आज किसी समय इस प्रांत में कहर बरपाएगा।
चीन पर मंडराया साउडलर का खतरा, 1.58 लाख लोग निकाले गए

विशेषज्ञों का मानना है कि यह तूफान वर्ष 2009 के बाद का सबसे भीषण तूफान होने वाला है। स्थानीय मीडिया की खबर के अनुसार ताइवान जलडमरूमध्य के तट पर स्थित फुजियान प्रांत से लोगों को निकाल लिया गया है। यह इस साल का 13वां तूफान है।

साउडलर फिलहाल ताइवान में सक्रिय है और 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ रहा है। ताइवान में इस तूफान के कारण चार लोगों की मौत हो चुकी है और बड़े पैमाने पर तबाही का मंजर दिख रहा है। शनिवार की सुबह इस तूफान ने हजारों पेड़ जड़ से उखाड़ डाले, कई पवन च‌क्कियों को नेस्तनाबूद कर दिया और गांवों में कीचड़ और गाद का अंबार भर दिया। तूफान की पूर्व चेतावनी के कारण गांवों को चूंकि पहले ही खाली करा लिया गया था इसलिए जान का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। मरीन पुलिस ने शुक्रवार को प्रांत के एक छोटे द्वीप से विश्वविद्यालय के 55 छात्रों और शिक्षकों को बचाया। ये लोग समर कैंप में भाग ले रहे थे लेकिन तूफानी हवाओं के कारण सभी नौकाओं की सेवाएं बाधित हो गई थीं और ये लोग एक टापू पर फंस गए थे। मरीन पुलिस दोपहर के समय द्वीप के लिए निकली और चार घंटे बाद सभी 55 लोगों को लेकर वापस आई।

प्रांत में मछली पकड़ने वाली सभी नौकाओं को कल सुबह 10 बजे तक लौट आने के आदेश जारी किए गए थे क्योंकि तूफानी हवाओं के इसके बाद चलने की भविष्यवाणी की गई थी। लगभग 120 ट्रेनों को सप्ताहांत पर रद्द कर दिया जाएगा। इनमें से अधिकतर ट्रेनें शंघाई से फुजियान और ग्वांगडोंग के बड़े शहरों तक चलती हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad