Advertisement

महिला, मुस्लिम और ई मेल पर टिकी दूसरी बहस जीतीं हिलेरी

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की दूसरी प्रेसिडेंशियल बहस में डेमोक्रेट उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है। महिलाओं के खिलाफ बयान वाले अपने करीब एक दशक पुराने वीडियो के सामने आने के कारण बैकफुट पर चल रहे ट्रंप को हिलेरी ने महिलाओं और मुस्लिमों को लेकर उनकी सोच पर घेरा जबकि ट्रंप ने हिलेरी के ईमेल वाले मामले को फिर से जोरदार तरीके से उठाया। बहस के बाद अमेरिकी समाचार चैनल सीएनएन के एक सर्वेक्षण में दावा किया किया गया कि हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति पद की इस दूसरी बहस में स्पष्ट विजेता रहीं। वैसे रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप का प्रदर्शन अपेक्षा से अधिक रहा।
महिला, मुस्लिम और ई मेल पर टिकी दूसरी बहस जीतीं हिलेरी

बहस देख रहे लोगों के बीच कराए गए सीएनएन-ओआरसी सर्वेक्षण में कहा गया कि हिलेरी इस बहस की स्पष्ट विजेता रहीं क्योंकि सर्वेक्षण में शामिल 57 प्रतिशत लोगों ने हिलेरी के जीतने की बात कही जबकि 34 प्रतिशत ने ट्रंप का समर्थन किया। सीएनएन ने कहा कि पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन को इस बहस ने मजबूत स्थिति में दर्शाया है लेकिन उनका प्रदर्शन पहली बहस जितना अच्छा नहीं रहा। बहस देखने वाले 62 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वह जीती हैं।

राष्ट्रपति चुनाव की तीन में से पहली बहस होने के बाद 27 सितंबर को सीएनएन-ओआरसी ने सर्वेक्षण कराया था। तब लगभग 62 प्रतिशत मतदाताओं ने हिलेरी को स्पष्ट विजेता बताया था। ट्रंप को महज 27 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला था। इन नतीजों में बहस शुरू होने से पहले दर्शकों की पसंद पर भी गौर किया जाता है। बहस देखने वाले 58 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे बहस से पहले हिलेरी का समर्थन कर रहे थे।

हिलेरी क्लिंटन ने अमेरिका में मुस्लिमों का प्रवेश प्रतिबंधित करने की डोनाल्ड ट्रंप की योजना को लेकर उन्हें आड़े हाथों लिया और कहा कि (मुस्लिम) समुदाय के बारे में उनकी भड़काउ भाषणबाजी में उलझना अदूरदर्शी और खतरनाक होगा। ट्रंप की वर्ष 2005 की वीडियो के मुद्दे के चलते प्रेजीडेंशियल बहस में शुरू से ही कटुता आ गई थी। इस वीडियो में ट्रंप ने महिलाओं के खिलाफ अभद्र और यौन रूप से भड़काऊ टिप्पणियां की थीं। बहस से पहले ही ट्रंप और हिलेरी के बीच बढ़ चुकी प्रतिद्वंद्विता तभी दिखाई दे गई थी कि दोनों उम्मीदवार जब दूसरी बहस के लिए वाशिंगटन विश्वविद्यालय के मंच पर उतरे तो हिलेरी ने ट्रंप से हाथ तक नहीं मिलाया।

गोरबा हामीद नामक एक मुस्लिम महिला ने दोनों उम्मीदवारों से पूछा कि वे चुनाव के बाद उस जैसे लोगों पर देश के लिए खतरा होने का तमगा लगाए जाने के परिणामों से कैसे निपटेंगे? जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या मुस्लिमों का अमेरिका में प्रवेश प्रतिबंधित करना अब उनका रुख नहीं है, तो ट्रंप ने कहा कि इसे प्रतिबंध की बजाय अत्यधिक जांच कहा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, यह अत्यधिक जांच कहलाता है। उन्होंने कहा, हमारे देश में लोग इस तरह आ रहे हैं कि हमें पता ही नहीं है कि वे कौन हैं, कहां से हैं और हमारे देश को लेकर उनकी क्या भावनाएं हैं। और वह (हिलेरी) ऐसे 550 प्रतिशत और लोग चाहती हैं। यह खतरनाक साबित होने वाला है। ट्रंप ने कहा कि वह लाखों लोगों को सीरिया से यहां आते नहीं देखना चाहते, जबकि हम उनके बारे में, उनके मूल्यों के बारे में और हमारे देश के प्रति उनके प्यार के बारे में कुछ नहीं जानते।

इसके जवाब में चिल्लाते हुए हिलेरी ने कहा, हम इस्लाम के साथ युद्धरत नहीं हैं।

ट्रंप का महिलाओं को लेकर नजरिया भी काफी देर तक बहस के केंद्र में रहा। उनकी पुरानी वीडियो का जिक्र करते हुए हिलेरी ने कहा कि वीडियो में नजर आ रहे ट्रंप ही असल हैं तो ट्रंप ने हिलेरी के पति बिल क्लिंटन पर आरोप लगाया कि वे बीते कई दशकों से महिलाओं का यौन शोषण करते रहे हैं। बहस के लिए ट्रंप ने दर्शकों में से ऐसी चार महिलाओं को बुलाया जिन्होंने बिल क्लिंटन पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।

हिलेरी ने कहा, डोनाल्ड महिलाओं के बारे में जो कुछ भी बोल रहे थे वह हम सभी ने शुक्रवार को देखा। हमने उन्हें महिलाओं का अपमान करते देखा, हमने उन्हें महिलाओं के रूप-रंग के आधार पर उनका आकलन करते देखा, हमने उन्हें टीवी और ट्वीटर पर महिलाओं को लज्जित करते देखा। यही असल डोनाल्ड टंप हैं। ट्रंप ने अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगते हुए कहा कि यह लॉकर रूम तक सीमित बातचीत थी। उन्होंने कहा, मुझे इस पर गर्व नहीं है। मैं अमेरिकी जनता से माफी मांगता हूं। मैं शर्मिंदा हूं। मैं महिलाओं का बहुत सम्मान करता हूं।

हिलेरी के ई-मेल स्कैम का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि यदि वह अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए चुने जाते हैं तो वे डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन द्वारा विदेश मंत्री रहने के दौरान निजी ई-मेल सर्वर का इस्तेमाल करने के मुद्दे पर उनके खिलाफ विशेष जांच शुरू कराएंगे। ट्रंप ने कहा, हम एक विशेष अभियोजक नियुक्त करेंगे और हम इस मामले पर गौर करेंगे। जानते हैं क्यों? ऐसे कई लोग हैं, जिन्होंने आपके किए इस काम का महज पांचवा हिस्सा ही किया होगा और उनकी जिंदगियां तबाह हो गईं। यह शर्म की बात है। ईमानदारी से कहूं, तो आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए।

इस पर हिलेरी ने ट्रंप के खिलाफ झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ट्रंप जो कुछ भी कहते हैं, वह झूठ होता है, इसलिए मुझे हैरानी नहीं है। इस पर ट्रंप ने कहा, ओह, क्या वाकई ऐसा है? हिलेरी ने कहा, यह बेहद अच्छा है कि हमारे देश का कानून डोनाल्ड ट्रंप जैसे किसी व्यक्ति के हाथ में नहीं है। ट्रंप ने एक बार फिर टोकते हुए कहा, हां, क्योंकि ऐसा होता, तो आप जेल में होतीं। ट्रंप ने मांग की कि हिलेरी 33000 ईमेल डिलीट कर देने के लिए माफी मांगें। कुल 90 मिनट की बहस में हिलेरी ने जोर देकर कहा कि उन्होंने ई-मेल के मुद्दे पर गलती की है और वह इसकी जिम्मेदारी लेती हैं। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad