Advertisement

विश्व कप: भारत का खेल खत्म

विश्व कप क्रिकेट में भारत अपनी दावेदारी से बाहर हो गया है। भारतीय टीम का लगातार दूसरा विश्व कप जीतने का सपना तोड़कर आस्टेलिया ने आज यहां दूसरे सेमीफाइनल में उसे 95 रन से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया जहां उसका सामना सह मेजबान न्यूजीलैंड से होगा।
विश्व कप: भारत का खेल खत्म

स्टीवन स्मिथ के शतकीय प्रहार की मदद से चार बार के चैम्पियन आस्टेलिया ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 328 रन बनाये। जवाब में भारतीय टीम 46.5 ओवर में 233 रन पर ढेर हो गयी।

अब तक फार्म में चल रहे भारतीय गेंदबाजों का सिक्का इस मैच में नहीं चला। इस टूर्नामेंट में पहली बार भारतीय गेंदबाज विरोधी टीम के पूरे दस विकेट नहीं चटका सके और काफी महंगे साबित हुए। वहीं बल्लेबाजी में विराट कोहली एंड कंपनी ने भी निराश किया। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आखिर में 65 गेंद पर 65 रन बनाकर अकेले किला लड़ाने की कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

विश्व कप सेमीफाइनल में 300 से अधिक का स्कोर बनाने वाली आस्टेलिया पहली टीम बनी और यह भी दूसरी बार होगा कि कोई मेजबान देश खिताब जीतेगा। इससे पहले भारत ने 2011 में अपनी मेजबानी में हुए विश्व कप में खिताबी जीत दर्ज की थी।

आस्टेलिया के लिये स्मिथ ने सिर्फ 93 गेंद में 11 चौकों और दो छक्कों के साथ 105 रन बनाये। आरोन फिंच ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 111 गेंद में 81 रन बनाये जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल था। उन्होंने स्मिथ के साथ दूसरे विकेट के लिये 31 ओवरों में 182 रन जोड़े।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad