Advertisement

लालू की हुंकार, लालटेन लेकर जाएंगे बनारस

बिहार विधानसभा चुनाव में किंगमेकर बनकर उभरे राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अब मोदी सरकार को राष्‍ट्रीय स्‍तर पर घेरने की हुंकार भरी है।
लालू की हुंकार, लालटेन लेकर जाएंगे बनारस

बिहार चुनाव में महागठबंधन की शानदार जीत और भाजपा की करारी हार पर प्रतिक्रिया देते हुए लालू यादव ने कहा है कि वह अब मोदी सरकार को उखाड़ फेेकेंगे। दिवाली के बाद लालटेन लेकर बनारस जाएंगे और मोदी को उनके वादे याद दिलाएंगे। चुनाव में अप्रत्‍याशित जीत हासिल करने के बाद नीतीश कुमार सबसे पहले लालू यादव से उनके घर जाकर मिले और उसके बाद मीडिया को संबोधित किया। 

लालू की पार्टी बिहार में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। लेकिन उन्‍होंने साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार ही अगले पांच साल तक बिहार के मुख्‍यमंत्री रहेंगे। नीतीश सरकार चलाएंगे और बनारस जाकर मोदी के वादों की खबर लेंगे। लालू ने दावा किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम बिहार का खूब विकास करेंगे और हमारी एकता को कोई तोड़ नहीं सकता। अगर हम आपस में लड़े तो जनता हमें कभी माफ नहीं करेगी। 

अमित शाह और नरेंद्र मोदी की जोड़ी का विजय रथ रोकने में अहम भूमिका निभाने वाले लालू यादव ने अपने बयान से जाहिर किया है कि वह राष्‍ट्रीय स्‍तर पर विपक्ष की राजनीति में अपनी अहम भूमिका तलाश रहे हैं। लालू ने कहा है कि महागठबंधन बिहार तक सीमित नहीं रहेगा और वह पूरे देश में मोदी सरकार की खामियों के खिलाफ आवाज उठाएगा। 

मेरा सर्वे सही निकला: लालू 

लालू ने कहा कि इस चुनाव में उनका सर्वे सही निकला है। उन्‍होंने महागठबंधन को 190 सीट मिलने का दावा किया था। लालू की यह भविष्‍यवाणी काफी हद तक सच होने जा रही है। महागठबंधन को कुल 178 सीटें मिल रही हैं। 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad