Advertisement

सपा में जारी कलह के जिम्मेदार बताए जा रहे अमर सिंह बने पार्टी महासचिव

उत्तर प्रदेश के समाजवादी परिवार में पिछले दिनों चरम पर पहुंची तल्खी के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे राज्यसभा सदस्य अमर सिंह को समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने पार्टी का महासचिव बना दिया है।
सपा में जारी कलह के जिम्मेदार बताए जा रहे अमर सिंह बने पार्टी महासचिव

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने अमर सिंह की नियुक्ति के संबंध में जारी किए गए पत्र में कहा, प्रिय श्री अमर सिंह जी, आपको समाजवादी पार्टी महामंत्री नियुक्त किया जाता है। पत्र में सपा मुखिया ने आशा जताई कि सिंह आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके चाचा वरिष्ठ काबीना मंत्री शिवपाल यादव के बीच हाल में हुई उठापटक के लिए मुख्यमंत्री और पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव ने परोक्ष रूप से अमर सिंह को जिम्मेदार ठहराया था। अखिलेश ने कहा था कि सारा झगड़ा एक बाहरी व्यक्ति की वजह से हुआ है। अगर अब उनके और नेताजी (मुलायम) के बीच कोई बाहरी व्यक्ति आया तो उसे बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने कई मंचों पर बाहरी व्यक्ति के तौर पर अमर सिंह की ओर इशारा भी किया था।

घटनाक्रम के दौरान एक बार तो ऐसा भी लगा कि सपा मुखिया परिवार में तेज होती रार को रोकने के लिए अमर सिंह को पार्टी से निकाल देंगे। अमर सिंह पूर्व में भी सपा के महासचिव रह चुके हैं। उन्हें वर्ष 2010 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में सपा से निकाल दिया गया था। हाल में हुए राज्यसभा चुनाव में वह लगातार दूसरी बार सपा के टिकट पर उच्च सदन में पहुंचे हैं। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और रामगोपाल यादव अमर सिंह के धुर विरोधी बताए जाते हैं और कई बार वे उनका मुखर विरोध कर चुके हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad