Advertisement

धोखाधड़ी में गिरफ्तार हुए आप विधायक मनोज कुमार

आप के कोंडली से विधायक मनोज कुमार को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मनोज ‌कुमार पर उनके पूर्व साझेदार ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
धोखाधड़ी में गिरफ्तार हुए आप विधायक मनोज कुमार

आप के कोंडली से विधायक मनोज कुमार को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मनोज ‌कुमार पर उनके पूर्व साझेदार ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पुलिस ने मनोज कुमार से गुरुवार को काफी देर तक अशोक नगर थाने में जमीन हथियाने के एक मामले में पूछताछ की। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने कुमार को पूर्वी दिल्ली में अशोक नगर थाने में बुलाया था। एक महीना पहले कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उन्होंने अपने कारोबारी साझेदार से छह लाख रुपये की ठगी की है। दिल्ली पुलिस आयुक्त बी.एस. बस्सी ने गुरुवार की दोपहर बताया, यह जमीन धोखाधड़ी का एक पुराना मामला है और कुमार से पूछताछ जारी है।

 

मनोज कुमार के पूर्व साझेदार विनोद कुमार ने पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि राजनीति में आने से पहले मनोज प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। वह मनोज के कारोबारी साझेदार थे और नवंबर 2012 में उन्होंने एक भूखंड खरीदने के लिए उन्हें छह लाख रुपये दिए थे।  पुलिस के अनुसार मनोज कुमार ने शिकायतकर्ता को नवंबर 2012 में एक भूखंड बेचा था, लेकिन बाद में उसे पता चला कि जमीन विधायक से संबंधित नहीं थी। पुलिस ने अदालत के समक्ष दलील दी कि फर्जी दस्तावेजों में कुमार को संपत्ति का मालिक बताया गया और सौदा 21 लाख रुपये में तय हुआ लेकिन भूखंड की मालिक चंद्रकला थी जो पुलिस को बयान दे चुकी है कि उसने संपत्ति कभी कुमार को नहीं बेची।

 

अदालत में पुलिस हिरासत के आग्रह का वरिष्ठ अधिवक्ता एचएस फुल्का ने विरोध किया, जो कुमार की ओर से पेश हुए। उन्होंने कहा कि विधायक को कोई नोटिस जारी नहीं किया गया और जब भी उन्हें थाने बुलाया गया, वह जांच में शामिल हुए। वकील ने यह भी दलील दी कि प्राथमिकी 19 मई, 2014 को दर्ज हुई और पूछा कि पुलिस ने कुमार को पहले क्यों नहीं गिरफ्तार किया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुमार दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस के बीच जारी मतभेदों के पीड़ित हैं। मनोज कुमार ने दलील दी कि मुझे इसलिए गिरफ्तार किया गया क्योंकि मैं अब आप का विधायक हूं। 

 

बताया जाता है कि मनोज कुमार पर पहले से ही सिक्यॉरिटी फोर्स को भड़काने, महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने और फर्जीवाड़े के आरोप में चार एफआईआर दर्ज हैं। स्‍थानीय लोग उनपर शराब कारोबारियों से रिश्ते का आरोप भी लगाते हैं।

 

 

विधायक की गिरफ्तारी के लिए आप ने केंद्र की आलोचना की

 

अपने विधायक मनोज कुमार की गिरफ्तारी के लिए आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि भाजपा दिल्ली पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के तौर पर कर रही है और पार्टी चुनौतियों का सामना करने को तैयार है। भाजपा पर हमला करते हुए पार्टी ने कहा कि व्यापम घोटाले में कई मौतें हुईं और अब भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है जबकि पुलिस आप नेताओं को गिरफ्तार करने में काफी तत्परता दिखा रही है। आप प्रवक्ता दीपक वाजपेयी ने कहा, मामला फरवरी 2014 का है। तब से कोई जांच नहीं हुई, कोई समन नहीं किया गया। यह सिर्फ बदले की कार्रवाई है। पुलिस का इस्तेमाल हमारे खिलाफ राजनीतिक हथियार के तौर पर किया जा रहा है और हम इसके लिए तैयार हैं।

 

आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा, आप के नेता और विधायक इंतजार कर रहे हैं कि नरेंद्र मोदी के कहने पर कब उनकी गिरफ्तारी होगी। यह 2014 का मामला है और अगर मामला जमीन और पैसे का होता है तो सामान्यत: पुलिस लोगों से दीवानी अदालत जाने को कहती है। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाई लेकिन व्यापम मामले में ऐसा करने में विफल रही जहां कई प्रभावशाली लोग संलिप्त हैं। आप विधायक सोमनाथ भारती ने कहा, केंद्र की वर्तमान सरकार दिल्ली पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। अगर इसका इस्तेमाल कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ किया जाए तो उनमें से अधिकतर जेल में होंगे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad