Advertisement

पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने राजीव गांधी का बयान ट्वीट कर विवाद खड़ा किया

कांग्रेस पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के एक विवादित बयान को ट्वीट कर विवाद खड़ा कर दिया। राजीव गांधी की जयंती के अवसर प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर 1984 के सिख विरोधी दंगे के बाद गांधी द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान को पोस्ट करने से हंगामा मच गया। हालांकि बाद में पार्टी ने ट्वीट को हटा लिया और अपना अकाउंट हैक किए जाने का दावा किया।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने राजीव गांधी का बयान ट्वीट कर विवाद खड़ा किया

पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस समिति के ट्विटर हैंडल पर ट्वीट में कहा गया, जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। भारत रत्न राजीव गांधी। बाद में प्रदेश कांग्रेस ने इस ट्वीट को हटा दिया। राजीव गांधी ने सिख विरोधी दंगे के बाद यह टिप्पणी की थी। वर्ष 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सिख विरोधी दंगा फैल गया था। इस टिप्पणी से तब बड़ा विवाद खड़ा हुआ था। प्रदेश कांग्रेस के ट्विटर हैंडल पर इस ट्वीट के संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी ने दावा किया, यह ट्वीट हमारे ट्विटर हैंडल को संभालने वाले पार्टी के किसी व्यक्ति ने पोस्ट नहीं किया। किसी ने आधिकारिक ट्विटर हैक कर लिया और यह ट्वीट पोस्ट कर दिया। यह राजीव गांधी एवं कांग्रेस को बदनाम करने के इरादे से किया जा रहा है।

चौधरी ने कहा, हम ऐसे प्रयासों की निंदा करते हैं और हमने अपना अकाउंट हैक किए जाने के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आज राजीव गांधी ककी जयंती है। इस अवसर पर राजीव गांधी को याद करने के लिए पश्चिम बंगाल कांग्रेस के ट्वीटर हैंडल से ट्वीट किया गया था। वहीं आज पूरे भारत में आज राजीव गांधी को उनकी 72 वीं जयंती पर याद किया गया। नई दिल्ली में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और अन्य नेताओं ने उनके स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad