Advertisement

राजस्थान सरकार ने स्कूली पाठयक्रम से पं नेहरू का जिक्र हटाया

भाजपा शासित राजस्थान में कक्षा 8 की नई पाठ्य पुस्तक से देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का नाम हटा दिया गया है। पूर्व में प्रकाशित पुस्तक में नेहरू के बारे में लिखा गया था कि बैरिस्टर बनने के बाद उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया और बाद में कांग्रेस के अध्यक्ष बने तथा वह आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री भी बने।
राजस्थान सरकार ने स्कूली पाठयक्रम से पं नेहरू का जिक्र हटाया

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर से संबधित पाठयक्रम में कक्षा 8 के सामाजिक विज्ञान की संशोधित पुस्तक में नेहरू के बारे में कोई उल्लेख नहीं है। हालांकि संशोधित पुस्तक बाजार में उपलब्ध नहीं है। इस पुस्तक के प्रकाशक राजस्थान पाठ्य पुस्तक मंडल ने इसे वेबसाइट पर अपलोड किया है। पुस्तक के संशोधित संस्करण में स्वतंत्रता सेनानी हेमू कालानी का नाम जोड़ा गया है। साथ में वीर सावरकर, महात्मा गांधी, भगतसिंह, बालगंगाधर तिलक, सुभाष चंद्र बोस आदि अन्य नामों का पहले से उल्लेख है, लेकिन नेहरू के नाम का न तो पुस्तक के स्वतंत्रता संग्राम के पाठ में और न ही आजादी के बाद के भारत के पाठ में उल्लेख किया गया है। संशोधित पुस्तक का पाठयक्रम उदयपुर के राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा तैयार किया गया है।

 

राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी ने इस मामले पर कहा कि भाजपा सरकार राजस्थान में अपना एजेंडा लागू करने में आगे बढ़ रही है और उसने देश के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेता जवाहर लाल नेहरू का नाम हटाकर ओछी राजनीति का उदाहरण प्रस्तुत किया है। राजस्थान के शिक्षा मंत्री प्रो वासुदेव देवनानी से कई बार की कोशिशों के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस निर्णय की आलोचना की। उन्पहोंने कहा, स्कूली पाठ पुस्तकों से राष्ट्र निर्माताओं का नाम हटाने वाली सरकारें खुद हट जाती हैं, लेकिन इतिहास का सच नहीं मिटता। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माता और दुनिया के सबसे बड़े भारतीय लोकतंत्र के संस्थापक प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू का नाम स्कूली पाठ पुस्तकों से हटा देने का राजस्थान सरकार का कृत्य शर्मनाक है। गहलोत ने कहा कि यह कोशिश इतिहास की इस कड़वी सच्चाई को ढक नहीं सकती कि राष्ट्रवाद का दंभ जताने वाले आर.एस.एस. ने राष्ट्रवाद के सबसे बड़े तकाजे, आजादी की लड़ाई से न केवल अपने को दूर रखा था, बल्कि सविनय अवज्ञा से लेकर अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन तक का विरोध भी किया था।

 

राजस्थान बोर्ड की आठवीं कक्षा की किताब में नेहरू का नाम तो हटाया ही गया है, गांधी की हत्या वाले हिस्से और हत्यारे नाथूराम गोडसे का नाम भी हटा दिया गया। गहलोत ने कहा कि गोडसे की गोली गांधी को जनमानस में नहीं मार सकी थी। इसी वजह से महात्मा गांधी आज भी जनमानस में व्याप्त हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी गांधी जी के नाम का जप करना पड़ रहा है। गोडसे की विचारधारा से प्रेरित यह कारनामा भी नेहरू के महान योगदान को नहीं मिटा सकेगा। उन्होंने कहा कि  देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में या भारत की संस्कृति में मान्य रही पंचायत प्रणाली को पंचायतीराज के रूप में आधुनिक संविधान की व्यवस्था में स्थापित करने वाले और नागौर, राजस्थान से ही उसका उद्घाटन करने वाले के रूप में भी नेहरू का नाम हटा दिया गया, जो राजस्थान सरकार की संकीर्ण सोच को उजागर करता है। ऐसी साजिश को जनता के बीच बेनकाब करने का अभियान चलाया जाना चाहिए।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad