Advertisement

कांग्रेस के भारत बंद पर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया, जानिए किसने क्या कहा

कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ 'भारत बंद' बुलाया है। कांग्रेस...
कांग्रेस के भारत बंद पर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया, जानिए किसने क्या कहा

कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ 'भारत बंद' बुलाया है। कांग्रेस ने कहा कि कई चैंबर ऑफ कॉमर्स और कारोबारी संगठनों के अलावा 21 विपक्षी दल इस भारत बंद का समर्थन कर रहे हैं। दिल्ली के रामलीला मैदान में जहां विपक्ष के कई बड़े नेता प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं देश के अलग-अलग हिस्सों में कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल बंद को सफल बनाने में जुटे हैं। बंद के दौरान जहां कांग्रेस केन्द्र की मोदी सरकार पर हमला बोल रही है। वहीं भाजपा भी कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर पलटवार कर रही है। आइए जानते हैं भारत बंद पर विभिन्न दलों की प्रतिक्रियाएं-

पहले पेट्रोल-डीजल पर बोलने वाले मोदी जी अब एक शब्द नहीं बोलते: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और राफेल मामले को लेकर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला और कहा कि 2019 में विपक्षी दल मिलकर भाजपा को हराएंगे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने पिछले साढ़े चार वर्षों में भारत के लोगों को आपस में लड़ाने का काम किया है। गांधी ने कहा, '2014 में नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। जनता ने भरोसा कर उनकी सरकार बनवायी। अब लोगों को साफ़ एहसास हो गया उन्होंने साढ़े चार साल में क्या किया।' राहुल ने दावा किया, ' महिलाओं पर अत्याचार होते रहे पर प्रधानमंत्री ख़ामोश रहे। पूरे देश में मोदी जी पेट्रोल डीजल और गैस पर विपक्ष में रहते हुए खूब बोलते थे, लेकिन अब एक शब्द नहीं बोलते हैं।'

विरोध का अधिकार लेकिन जीवन को खतरे में डाला गया: रवि शंकर प्रसाद

केन्द्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि  हर किसी को विरोध करने का अधिकार है लेकिन आज क्या हो रहा है? पेट्रोल पंप और बसों में आगजनी और तोड़फोड़ की जा रही है, जिससे जीवन को खतरे में डाल दिया गया है। बिहार के जहानाबाद में विरोध प्रदर्शन में एम्बुलेंस फंस गया था जिसके बाद एक बच्ची मर गई। जिम्मेदार कौन है?

जल्द बदलेगी सरकार: मनमोहन सिंह

पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने ऐसी कई चीजें की हैं जो देश के हित में नहीं थीं। इस सरकार को बदलने का समय जल्द ही आने वाला है।

भाजपा सरकार को है घमंड: अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि  भाजपा की सरकार को खुद पर इतना घमंड है कि आज जब विपक्ष ने बंद बुलाया, उसने कुछ जगहों पर फ्यूल की कीमतें बढ़ा दीं।

विपक्ष में कोई रणनीति और नेतृत्व नहीं: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निराश विपक्ष में कोई रणनीति और नेतृत्व नहीं है, उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है? मुझे उम्मीद है कि भगवान उन्हें समझ देंगे ताकि वे सकारात्मक और नकारात्मक के बीच अंतर कर सकें अन्यथा भविष्य में वे विपक्ष के रूप में अपनी स्थिति खो देंगे।

'महागठबंधन' का गुब्बारा जल्द ही फट जाएगा: नकवी

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि 'भारत' 'बंद' नहीं होगा, यह आगे बढ़ेगा और प्रगति करेगा। कांग्रेस के बंद पर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है, उनके 'महागठबंधन' का गुब्बारा जल्द ही फट जाएगा।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad