Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी अपने 15 दोस्तों के लिए चलाते हैं सरकार: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुये आरोप लगाया...
प्रधानमंत्री मोदी अपने 15 दोस्तों के लिए चलाते हैं सरकार: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुये आरोप लगाया कि बीते पांच साल में मोदी ने 15 लोगों के लिए सरकार चलाई है। उन्होंने कहा कि वे आश्चर्यचकित हैं कि बैंक का भारी कर्ज चुकाने में नाकाम रहे विजय माल्या जैसे लोग अभी तक जेल में नहीं हैं।   

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा कि बीते पांच साल में मोदी ने 15 लोगों के लिए सरकार चलाई है और आप उनके नाम जानते हैं।  उन्होंने यहां आयोजित एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘ये हैं अनिल अंबानी, मेहुल चोकसी, नीरव मोदी और ये मोदी के मित्र हैं।’’   

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने नीरव मोदी को 35 हजार करोड़ रुपये, मेहुल चोकसी को 35 हजार करोड़ रुपये और विजय माल्या को दस हजार करोड़ रुपये दिये।

धनी लोग जेल न जाएं और किसान जेल चला जाए

कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि नीरव मोदी और विजय माल्या जैसे लोग बैंकों से कर्जा लेने के बाद उसे लौटाने में असफल रहे और देश छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने कहा, ‘‘कोई एक भी जेल नहीं गया।’’

गांधी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो, ‘‘कोई किसान इसलिए जेल में नहीं डाला जायेगा कि उसने कर्जा नहीं चुकाया। यह ठीक नहीं है कि धनी लोग तो जेल न जाएं लेकिन उसी अपराध के लिए किसान जेल चला जाए।’’         

न्याय से बढ़ेगी लोगों की खरीद क्षमता

पार्टी की न्यूनतम आय योजना (न्याय) का जिक्र करते हुये कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ ‘न्याय’ लोगों की खरीद क्षमता में इजाफा करेगा और प्रतिफल के रूप में तमिलनाडु में कारखाने चलेंगे और पूरी अर्थव्यवस्था आगे जायेगी।’’  उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के कपड़ा और रेशम केंद्र तिरुपुर और कांचीपुरम में ‘‘दोबारा जान आ जायेगी’’ और इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

तमिलनाडु में नागपुर का शासन नहीं चलने देंगे

गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी और सहयोगी दल कभी भी इस बात की अनुमति नहीं देंगे कि तमिलनाडु के लोगों पर नागपुर (आरएसएस) का शासन चले। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad