Advertisement

महोबा की प्रतिज्ञा रैली में बोलीं प्रियंका गांधी - 'सीएम योगी और पीएम मोदी ने बुंदेलखंड को छला'

सियासी जमीन तैयार करने और बुंदेलखंड से पुराने रिश्तों को मजबूत करने करने महोबा पहुंची कांग्रेस की...
महोबा की प्रतिज्ञा रैली में बोलीं प्रियंका गांधी - 'सीएम योगी और पीएम मोदी ने बुंदेलखंड को छला'

सियासी जमीन तैयार करने और बुंदेलखंड से पुराने रिश्तों को मजबूत करने करने महोबा पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने प्रतिज्ञा रैली में बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि बुंदेलखंड के संसाधनों पर बुंदेलखंड के लोगों का हक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी और सीएम योगी ने बुंदेलखंड को छला है। बेरोजगारी, महंगाई के चलते बुंदेलखंड का बुरा हाल हो गया है।

प्रियंका गांधी ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस भाजपा की लूट वाली नीति को खत्म करेगी। बुंदेलखंड के विकास के लिए काम करेंगे। बीजेपी की तरह चुनावी बुंदेलखंड विकास बोर्ड नहीं, बुंदेलखंड के लिए स्थायी बुंदेलखंड विकास बोर्ड बनेगा। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के लिए हर साल विकास का बजट दिया जाएगा। महोबा में वीर आल्हा-ऊदल के नाम पर एक बड़ा सांस्कृतिक केंद्र बनाएंगे। .किसानों का कर्ज माफ करेंगे, सबका बिजली बिल हाफ होगा और कोरोना काल का बकाया माफ होगा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आठ हजार करोड़ के जहाज पर प्रधानमंत्री जी घूमते हैं लेकिन किसानों की प्रतिदन की आय नहीं बढ़ा सकते हैं, किसानों का कर्ज नहीं माफ कर सकते हैं। योगी जी और मोदी जी तपस्या नहीं कर रहे, वो तो बड़े बड़े जहाजों में घूम रहे हैं। यहां पर देश का श्रमिक और नौजवान कर रहा तपस्या कर रहा है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा  कि आपने भाजपा के नेताओं की नीयत पांच सालों से देख ली है। आपके लिए क्या हुआ, आपके लिए क्या किया गया, आप सब मेरे से अच्छी तरह जानते हैं। सपा की सरकार आई, आपको लूटा गया। बसपा की सरकार आई, कुछ नहीं किया गया आपके लिए। भाजपा की सरकार आई, तमाम झूठे वायदे किए, उनको निभाया नहीं। उनकी नीयत साफ नहीं है। मैं यहाँ खड़े होकर आप सबसे कहना चाहती हूं कि जिन-जिन लोगों से मैं मिली हूं, उत्तर प्रदेश में, जहाँ-जहाँ गई हूं, जिन-जिन गावों में गई हूं, जिन परिवारों से मिली हूं, जहाँ-जहाँ मैंने देखा है कि दुख है, दर्द है, मैं समझी हूं कि आपको एक ऐसी सरकार की जरुरत है, जिनकी आपके साथ संवेदना हो, जो आपकी समस्याओं को समझे और सुलझाने की दिल से कोशिश करे और मैं चाहती हूं कि उत्तर प्रदेश में आने वाले समय में एक ऐसी ही कांग्रेस की सरकार आए, जो आपकी समस्याओं को सुलझाने के लिए दिन रात काम करे, पीछे नहीं हटे।

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रियंका गांधी बदलाव की आंधी हैं, यह लोगों की आवाज है और विश्वास और भरोसा है। उन्होंने कहा कि आज बुंदेलखंड के लोगों को जरूरत है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की, क्योंकि वह जानते हैं कि वो जो वादा करेंगे वो निभाएंगे। बुंदेलखंड की आवाज और पीड़ा को राहुल गांधी ने सुना था और यूपीए की पूर्ववर्ती केंद्र की सरकार ने बुंदेलखंड के लिए दस हजार करोड़ बुंदेलखंड को दिया। आज यहां सड़कें दिख रही हैं, वो यूपीए की सरकार में किया गया विकास बयां कर रही है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यूपी के सीएम पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं के चरणों में बैठकर राजा महाराज उनसे ज्ञान लिया करते थे लेकिन आज उनके कंधे पर हाथ रखा जा रहा है, ये संत महात्माओं का अपमान है। विरोधी दल के नेता संत महात्मा से ऊपर उठ गए हैं, ये हमारी भारतीय परंपरा का अपमान है। योगी आदित्यनाथ को मोदी कुछ नहीं समझते है और तभी कंधे में हाथ रखे दिखाई देते हैं। अभी तक जाति के आधार वोट पड़े थे और उनके मुख्यमंत्री बने थे, एक समय आया धर्म के नाम पर वोट पड़े और उनके नेता मुख्यमंत्री बने। अब सब लोग चर्चा कर रहे हैं कि हमने जाति और धर्म के नाम पर वोट दिया लेकिन हमको मिला क्या। यही कारण है कि कांग्रेस की प्रतिज्ञा लेकर आपके बीच आई हैं कि किसानों को 2500 रुपये क्विंटल में धान खरीदेंगे और चार सौ में गन्ना खरीदेंगे। लड़की हूं लड़ सकती हूं, इस नारे के साथ महिलाओं और लड़कियों के लिए वादे किए हैं।

प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में जगह-जगह प्रतिज्ञा रैली कर रही हैं. प्रतिज्ञा के तहत कांग्रेस ने यूपी की जनता से 7 बड़े वादे भी किए हैं। बुंदेलखंड में बीते दस दिनों में प्रियंका गांधी का यह दूसरा दौरा है, इससे पहले वह मध्य प्रदेश के सीमा वाले चित्रकूट के रामघाट पर महिलओं से संवाद करने आई थीं। प्रधानमंत्री की महोबा में जनसभा के बाद कांग्रेस की रैली को लेकर सियासी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad