Advertisement

भाजपा सिर्फ हिंदी क्षेत्र की पार्टी नहीं, अभूतपूर्व है कर्नाटक की जीत: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक की विजय को अभूतपूर्व और असाधारण बताया है। नई दिल्ली में पार्टी...
भाजपा सिर्फ हिंदी क्षेत्र की पार्टी नहीं, अभूतपूर्व है कर्नाटक की जीत: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक की विजय को अभूतपूर्व और असाधारण बताया है। नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में मंगलवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने मुझे इतना प्यार दिया कि जिसकी मैं कल्पना भी नहीं कर सकता था। उन्होंने कहा कि मुझे कई राज्यों की भाषा नहीं आती है इसकी वजह से मैं डरता था कि उस राज्य को लोग मुझे कैसे स्वीकार करेंगे पर कर्नाटक में भाषा बीच में नहीं आई।

पीएम मोदी ने कहा, 'कर्नाटक की विजय असामान्य विजय है। बीजेपी की छवि बना दी गई कि हम हिन्दी भाषी पार्टी हैं। यह गलत है. यह झूठ फैलाने जैसा है। इस प्रकार की सोच रखने वालों को कर्नाटक की जनता ने झटका दिया है। ये एक अनोखा अनुभव था। मैं भी चाहता हूं कि देश में बांटने वाले लोगों को ऐसा ही उत्तर मिले।'

मोदी ने कहा कि कोई सोच नहीं सकता था कि इस चुनाव में, कांग्रेस सिर्फ अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए भारत के संविधान को चोट पहुंचाने का हीन कृत्य करेगी।उन्होंने कहा कि  कर्नाटक में जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है उनको सौ-सौ सलाम है। कर्नाटक के उज्ज्वल भविष्य में भाजपा कहीं पीछे नहीं रहेगी ये मैं कर्नाटक की जनता को विश्वास दिलाता हूं।

राजनीतिक स्वार्थ के लिए बंगाल की धरती को लहू-लुहान कर दिया गया

बंगाल के पंचायत चुनाव में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों को नामांकन करने से रोका गया। केवल भाजपा ही नहीं सभी प्रमुख पार्टियों के कार्यकर्ता प्रभावित हुए। केवल सत्तारूढ़ दल के लोग ही बचे रहे। यह गंभीर मामला है।

मोदी ने कहा कि महान लोगों की धरती बंगाल को राजनीतिक स्वार्थ के लिए लहू-लुहान कर दिया गया है। लोकतंत्र के सीने में जो घाव पड़े हैं उस से उभरने के लिए सभी राजनीतिक दलों को, सिविक सोसाइटी को और न्यायपालिका समेत, हम सभी को सक्रिय भूमिका अदा करनी ही होगी।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान वाराणसी में फ्लाइओवर हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र में हुआ यह हादसा काफी दर्दनाक है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं।

मोदी के नेतृत्व में जारी रहेगा जीत का सिलसिलाः शाह

इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कर्नाटक में हुए चुनाव में पार्टी की सफलता पर खुशी जताई है। शाह ने कहा कि कर्नाटक का ये चुनाव लोकतंत्र में भरोसा रखने वाली जनता का एक संदेश है।

उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है कि भाजपा ने लगातार 15वीं जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह विजय का रथ भाजपा का है और मोदी जी के नेतृत्व में इस रथ का चलना जारी रहेगा। 2019 को लोकसभा चुनाव में भी पार्टी और ज्यादा सीटें जीत कर सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने कर्नाटक का ये चुनाव सबसे अनैतिक तरीके से लड़ा और इसी का परिणाम आज उन्हें भुगतना पड़ा। शाह ने कहा कि मैं कर्नाटक की जनता को ह्रदय से बधाई देना चाहता हूं क्योंकि वहां की जनता ने कर्नाटक को कांग्रेस मुक्त करने का काम बड़े मन से किया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad