Advertisement

यूपी में भाजपा की आंधीः मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश में भाजपा की आंधी चलने का दावा करते हुए कहा कि संसद में भाजपा के और मजबूत होने के डर से विरोधी उसके खिलाफ एकजुट हो रहे हैं। मोदी ने अलीगढ़ में चुनावी रैली में सपा अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कांग्रेस से गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा यहां एक प्रकार से केसरिया सागर मेरे सामने उफान भर रहा है। जब आंधी तेज होती है तो छोटी उमर का इंसान भी उस आंधी में टिक नहीं पाता, इसलिये वह कोई सहारा ढूंढता है। इस बार भाजपा की आंधी इतनी तेज है कि यहां के मुख्यमंत्री किसी को भी पकड़ लेते हैं। वह और लोगों को पकड़ने में लगे हैं, लेकिन यह आंधी उनको ना टिकने देगी, ना बचने देगी।
यूपी में भाजपा की आंधीः मोदी

नोटबंदी के कदम का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह ऐसे-ऐसे पेंच कस रहे हैं कि विपक्षी तिलमिला उठे हैं। राजनीतिक दलों का गुस्सा अभी जितना नजर आता है, वह पहले कभी नहीं था। वे मोदी को पराजित करने के ले एकजुट हो रहे हैं। मोदी ने कहा वे चुनाव जीतने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि इस डर से एकजुट हो रहे हैं कि अगर वे अलग-अलग रहे तो राज्यसभा में भी मोदी का बहुमत हो जाएगा तो वह ऐसे कानून बनाएगा कि चोर लुटेरों को जगह नहीं मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि तीन मजबूत खंभों पर विकास की मजबूत इमारत बनेगी। उनकी नजर में विकास के वि का अर्थ विद्युत से है, का का मतलब कानून-व्यवस्था और स का अर्थ सड़क से है। इन तीन खंभों पर विकास की भव्य इमारत बनाई जा सकती है।     उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है। भाजपा की लड़ाई नौजवानों, छोटे कारोबारियों, किसानों के न्याय के लिए है।

मोदी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार को विकास से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की गई भर्तियों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि लखनऊ में भाजपा सरकार बनने के बाद एक एक नौजवान को न्याय दिलाने के लिए हम कानूनी प्रक्रिया अपनाएंगे। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad