Advertisement

पोस्टर ब्वॉय से कितनी संजीवनी मिलेगी कांग्रेस-वामो को

वामपंथी पार्टियों की परंपरा तोड़ते हुए माकपा ने अपने प्रदेश सचिव डॉ. सूर्यकांत मिश्र को चुनाव लड़ाने का ऐलान किया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में वे वाममोर्चा और कांग्रेस गठबंधन का पोस्टर ब्वॉय होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के इस बार चुनाव लडऩे की संभावना कम है।
पोस्टर ब्वॉय से कितनी संजीवनी मिलेगी कांग्रेस-वामो को

इस बदलाव से जाहिर है कि बंगाल का प्रमुख विपक्षी गठबंधन सूर्यकांत मिश्र को अपने नेता के तौर पर प्रोजेक्ट करने जा रहा है। कांग्रेस के साथ वाममोर्चा का सीटों पर समझौता हो रहा है। जुलूसों और रैलियों में एक-दूसरे के कार्यकर्ता एक साथ शामिल हो रहे हैं। अलबत्ता, दोनों की चुनावी जनसभाओं में एक-दूसरे के नेताओं को शामिल कराने की अब तक कोई तैयारी नहीं है।

सूर्यकांत मिश्र अपनी पारंपरिक सीट नारायणगढ़ से मैदान में होंगे। एक समय माकपा का गढ़ रहे बर्दवान में तृणमूल कांग्रेस ने सेंध लगा ली है। नारायणगढ़ से मिश्र को लड़ाने का ऐलान कर माकपा ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं कि इस बार के विधानसभा चुनाव से वह अपनी खोई जमीन वापस पाने की जुगत में जुटेगी। दो साल पहले उन्हें माकपा का प्रदेश सचिव बनाया गया था। तब से जमीनी स्तर पर वाममोर्चा के कैडरों की सक्रीयता बढ़ी है। परंपरा तोड़कर उन्हें चुनाव लड़ाने के पीछे भी यही मंशा लगती है। अतीत में माकपा के प्रदेश सचिव रहे प्रमोद दासगुप्त, सरोज मुखर्जी, शैलेन दासगुप्त, अनिल विश्वास और विमान बोस तक सभी संगठन के कामकाज तक ही सीमित रहे हैं।

कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग में वाममोर्चा जा रही है- यह वामो के अध्यक्ष विमान बोस द्वारा 116 सीटों पर नामों की घोषणा से स्पष्ट हो गया है। कांग्रेस की ओर से घोषणा बाकी है। 294 में से बाकी रह गई सीटों में से कितनी कांग्रेस को मिलेंगी और कितनी वाममोर्चा अपने पास रखेगा- इस पर अभी बातचीत होनी बाकी है। विमान बोस कहते हैं, कांग्रेस के साथ अभी बातचीत चल ही रही है। जिन सीटों पर उनकी दावेदारी नहीं है, उन्हीं पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। दक्षिण बंगाल में कोलकाता, उत्तर 24 परगना, पुरुलिया, वीरभूम, हुगली, हावड़ा की कई सीटें खाली रखी गई हैं। कांग्रेस फिलहाल उन सीटों पर ध्यान दे रही है, जहां आठ और 11 अप्रैल को चुनाव होने हैं। उत्तर बंगाल के मुर्शिदाबाद, मालदा, उत्तर दिनाजपुर में कुछ सीटों पर बात फंस रही है। वामो ने मुर्शिदाबाद के नवग्राम, हरिहरपाड़ा और डोमकल से नाम घोषित किए हैं, जिनपर कांग्रेस भी दावेदारी जता रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी के अनुसार, तीनों जिलों में कांग्रेस मजबूत है। हम वाममोर्चा से और अधिक उदारता की उम्मीद करते हैं। हालांकि, हमारी कोशिश यही रहेगी कि कोई गतिरोध न आए और तृणमूल विरोधी वोट न बंटे। विमान बोस भी कमोबेश इसी तरह की बातें कर रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad