Advertisement

मध्य प्रदेश में भाजपा ने हर साल 10 लाख रोजगार और लड़कियों को स्कूटी का किया वादा

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस मौके पर भाजपा नेता समेत...
मध्य प्रदेश में भाजपा ने हर साल 10 लाख रोजगार और लड़कियों को स्कूटी का किया वादा

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस मौके पर भाजपा नेता समेत केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे 'दृष्टि पत्र' नाम दिया। इस पत्र में उन्होंने कहा है कि हमारी सरकार राज्य के 17 लाख छोटे किसानों की पूरी फसल खरीदेगी। इसके तहत इन किसानों की सात एकड़ में उत्पादित पूरी फसल सरकार खरीदेगी। भाजपा ने महिलाओं के लिए अलग से नारी शक्ति संकल्प पत्र जारी किया, जिसमें लड़कियों को स्कूटी देने का वादा किया गया है।

घोषणा पत्र में हर साल 10 लाख रोजगार के अवसर उपलब्‍ध्‍ा कराने का वादा  

शिवराज सिंह चौहान ने इस घोषणा पत्र के बारे में कहा कि कृषक समृद्धि योजना हमने बनाई लेकिन इस योजना से छोटे किसानों को लाभ नहीं मिल पाता, छोटे किसान इस योजना के लाभ से वंचित न रहें इसलिए हमने दृष्टि पत्र में तय किया कि किसानों के अनुपात के अनुसार उनके खाते में राशि डाली जाएगी। साथ ही, राज्य सरकार ने युवाओं को नौकरी देने के लिए हर साल 10 लाख रोजगार के अवसर उपलब्‍ध्‍ा कराने का वादा किया।

भाजपा की सरकार देश का विकास कर रही है

इस मौके पर मौजूद अरुण जेटली ने शिवराज सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा, ‘मैं शिवराज जी को इस बात के ‌लिए बधाई देना चाहूंगा कि जिस तरह से उन्होंने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर निकालकर विकास के क्रम में लाकर खड़ा कर दिया है। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार देश का विकास कर रही है।’

मोदी जी के होने के कारण देश का आर्थिक विकास दिख रहा है

 जेटली ने कहा कि मोदी जी के होने के कारण देश का आर्थिक विकास देखा जा रहा है। वहीं कांग्रेस ने इस देश को कंगाल करके छोड़ दिया था। आज देश में जो इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार हो  रहा है उससे देश का विकास हो रहा है।

कांग्रेस के समय में भारत की अर्थव्यवस्था टूट चुकी थी

 उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में भारत की अर्थव्यवस्था टूट चुकी थी। अब देश के गरीब को लाभ हो रहा है। उसे सस्ता खाद्यान्न‍ मिल रहा है। कोई भूखा नहीं सो रहा है। मनरेगा में हम कांग्रेस से दोगुना खर्च कर रहे हैं।

महिलाओं के लिए अलग से नारी शक्ति संकल्प पत्र

भाजपा ने महिलाओं के लिए अलग से नारी शक्ति संकल्प पत्र जारी किया। इसमें महिला सुरक्षा और प्रगति को प्राथमिकता दी गई है। 12वीं क्लास में 75 फीसदी अंक लाने वाली लड़कियों को स्कूटी दी जाएगी। स्कूलों में नैपकिन वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। महिला कौशल परामर्श केंद्र खोले जाएंगे।

सरकार इंटरनेट कनेक्शन वाली E-Library और 'विजया लर्निंग सेंटर' भी खोलेगी। ग्रामीण इलाकों की छात्राओं को महाविद्यालय तक ले जाने के लिए निशुल्क महिला बसों की व्यवस्था की जाएगी।

घोषणा पत्र के लोकार्पण समारोह में ये रहे मौजूद

 लोकार्पण समारोह में केन्द्रीय मंत्री अरुण जेटली, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रदेश संगठन प्रभारी व सांसद डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद प्रभात झा, केन्द्रीय मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्रसिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह, दृष्टि पत्र समिति के संयोजक विक्रम वर्मा की मौजूदगी रही। जेटली दोपहर 3.05 बजे भोपाल से मुंबई प्रस्थान करेंगे।

भाजपा के घोषणा पत्र में ये हैं कुछ बड़े वादे

-    सिंचाई व्यवस्था 41 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 80 लाख हेक्टेयर तक ले जाया जाएगा

-    किसानों की सुविधा के लिए 500 करोड़ का विशेष कोष

-    नर्मदा एक्सप्रेसवे, चंबल एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट पर काम होगा

-    शहरों का रूप बदलने के लिए अगले पांच साल में 2 लाख करोड़ खर्च

-    स्मार्ट विलेज की परियोजनाओं की घोषणा

-    नारी शक्ति संकल्प पत्र अलग से जारी

-    स्वसहायता महिला समूहों को आंदोलन का रूप दिया जाएगा

-    12वीं में 75% अंक लाने पर छात्राओं को स्कूटी

-    महिला भूमि धारकों के लिए आर्थिक सहायता सीधे बैंक से

-    एमपी फूड प्रोसेसिंग यूनिवर्सिटी की स्थापना होगी

-    नए वेतन आयोग की स्थापना का वादा

-    युवाओं के लिए हर हाथ, एक काज योजना की शुरुआत करेंगे

-    हर संभाग में गौ अभयारण्य की स्थापना

-    सरकारी डॉक्टरों की रिटायरमेंट उम्र 70 साल करने की तैयारी

'वचन पत्र' नाम से कांग्रेस ने जारी किया था अपना घोषणापत्र

कांग्रेस पहले ही 'वचन पत्र' नाम से अपना घोषणापत्र जारी कर चुकी है, जिसमें सैकड़ों घोषणाएं की गईं।

भाजपा ने प्रदेश में सभी 230 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे

गौरतलब है कि सत्तारूढ़ भाजपा ने भी प्रदेश में सभी 230 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। भाजपा ने चौथी बार प्रदेश में सत्ता में आने का आह्वान करते हुए अबकी बार 200 पार का नारा दिया है। राज्य में 28 नवंबर को मतदान है और मतगणना 11 दिसंबर को होगी।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad