Advertisement

दिल्ली के भाजपा पार्षदों से शाह बोले, बूथ कार्यकर्ताओं की वजह से मिली ऐसी जीत

हाल ही में नगर निगम चुनावों में मिली जबरदस्त जीत से उत्साहित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि इस चुनाव परिणाम ने बहानेबाजी करने की राजनीति को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि एमसीडी की जीत ने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने की नींव रखने का काम किया है।
दिल्ली के भाजपा पार्षदों से शाह बोले, बूथ कार्यकर्ताओं की वजह से मिली ऐसी जीत

अमित शाह ने आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल अगर भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं से मिलेंगे तो उन्हें अपनी हार का कारण पता चल जाएगा। एमसीडी जीत का पूरा श्रेय बूथ कार्यकर्ताओं को जाता है। इनके बिना इतनी बड़ी जीत मिल पाना बहुत मुश्किल था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुए शाह ने कहा, मोदी जी चलते नहीं हैं और ना ही दौड़ते हैं बल्कि वह तो छलांग लगाते हैं। उन्होंने कहा, दिल्ली की जनता ने पीएम मोदी सरकार के काम पर मुहर लगा दी है। एमसीडी में जीत के बाद हमारे विरोधी मायूस हो गए हैं। जनता ने आंख बंद करके नरेंद्र मोदी और भाजपा पर भरोसा किया है। अब मोदी का विजय रथ पूरे देश में घूम रहा है।

दिल्ली एमसीडी चुनाव में मिली बड़ी जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा,  कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से पार्टी का विजय रथ आगे बढ़ रहा है। यह जीत बहानेबाजी करने वालों के खिलाफ जनता की मुहर है।

एमसीडी में जबर्दस्त जीत के बाद विजय पर्व के अवसर पर अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को बहानेबाजी के खिलाफ बड़ी जीत मिली है और मोदी का विजय रथ आगे बढ़ता जा रहा है। इस जीत ने बहानेबाजी की राजनीति को खत्म कर दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा,  एमसीडी में मात्रा जीत ही हमारा लक्ष्य नहीं है। हमें तो दिल्ली में सरकार बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि एमसीडी की जीत ने दिल्ली में सरकार बनाने की नींव रख दी है।

अमित शाह ने आगे कहा कि एमसीडी चुनावों के दौरान जिन लोगों को टिकट नहीं दिए गए थे, उन्होंने भी पार्टी की जीत के लिए पूरे मन से काम किया और बड़ी जीत दिलाई। शाह ने कहा, जो जनादेश मिला है वह छोटा नहीं है और हमें लोगों की आशाओं पर खरा उतरना होगा।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एमसीडी को अपने काम से दिल्ली में जगह बनानी है, जनता ने जो हम पर विश्वास रखा है, हमें उनकी अपेक्षाओं को पूरा करना है। जनता के विश्वास को जीतने के लिए हमें विनम्र बनना है। उन्होंने कहा कि पंजाब और गोवा में चुनावी पराजय के बाद ईवीएम में छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चाहे कुछ भी सोचें, लेकिन इस चुनाव परिणाम का ईवीएम से कुछ भी लेना-देना नहीं है।

अमित शाह ने कहा कि 2014 से जनता भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आंख मूंदकर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी ने कई सभाएं कीं। हालांकि कोई कुछ नहीं पूछता था, फिर भी हमने सभाओं में अपनी ओर से ही लोगों को बातें समझाई, लोग केवल मोदी पर विश्वास कर रहे थे और उसी तरह वोट भी दिए।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार बनते ही कहा था कि यह सरकार गरीबों को समर्पित है, बेरोजगारों को समर्पित है, किसानों को समर्पित है और देश का मान बढ़ाने के लिए है। आज तीन साल बाद प्रधानमंत्री मोदी ने हर मुद्दे पर कुछ न कुछ किया है और उनके समाधान की दिशा में काम किया है। दुनियाभर के आर्थिक पंडित मानते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की समस्या दूर करने के लिए प्रधानमंत्राी मोदी ने कई कदम उठाए हैं. युवाओं और बेरोजगारों को काम देने के लिए नई योजनाएं शुरू की हैं, महिलाओं के उत्थान के लिए काम किया, शौचालय बनवाने का काम किया और अब तक 7 करोड़ से ज्यादा घरों में शौचालयों का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार एक तरह से सामाजिक सशक्तिकरण का काम किया गया है। मोदी सरकार ने स्टैंडअप, स्टार्टअप, स्किल इंडिया के जरिए कई काम किए। गरीब महिलाओं के घर में गैस पहुंचाकर उनका जीवनस्तर उठाने का काम किया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad