Advertisement

प्रियंका गांधी पर बोले राहुल- वह बहुत कर्मठ, भाजपा वाले घबराए हुए हैं

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी महासचिव बनाने के साथ पूर्वी...
प्रियंका गांधी पर बोले राहुल- वह बहुत कर्मठ, भाजपा वाले घबराए हुए हैं

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी महासचिव बनाने के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया। यह कांग्रेस का बड़ा दांव माना जा रहा है। प्रियंका अब तक भाई राहुल गांधी और मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र तक सीमित थीं। अब उन्हें प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ज्योतिरादित्य सिंधिया को इसके साथ ही महासचिव-प्रभारी (उत्तर प्रदेश-पश्चिम) बनाया गया है।

प्रियंका फरवरी के पहले सप्ताह में कार्यभार संभालेंगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल को संगठन महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है जो पहले की तरह कर्नाटक के प्रभारी की भूमिका निभाते रहेंगे।

प्रियंका के राजनीति में आने से कई लोग घबराए हुए हैं

इस पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि प्रियंका के आने से उत्तर प्रदेश में एक नए तरीके की सोच आएगी और राजनीति में बदलाव भी आएगा। प्रियंका को कांग्रेस में यह जिम्मेदारी दिए जाने से बीजेपी के लोग कुछ घबराए हुए हैं।

मेरी बहन कर्मठ, चुनाव लड़ने पर खुद लेंगी फैसला

राहुल गांधी ने कहा कि मेरी बहन कर्मठ है और हम मिलकर काम करेंगे। चुनाव लड़ने पर वह फैसला लेंगी। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य को मैंने सिर्फ दो महीने के लिए जिम्मेदारी नहीं दी है। मैंने मिशन दिया है कि कांग्रेस की विचारधारा का प्रचार करें। दोनों उत्तर प्रदेश में काम करेंगे। जो उत्तर प्रदेश में युवा को चाहिए उसे पूरा करेंगे।

राबर्ट वाड्रा ने जताई खुशी

प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस में पद दिये जाने पर पति रॉबर्ट वाड्रा ने खुशी जताई। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘बधाई पी...जीवन के हर दौर में तुम्हारे साथ हूं। अपना बेस्ट दो।‘

कार्यकर्ताओं में उत्साह

प्रियंका के नाम की घोषणा के साथ ही कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। कार्यकर्ताओं ने 'प्रियंका गांधी आयी है, नयी रोशनी लायी है' के नारे लगाए। कार्यकर्ता लम्बे समय से प्रियंका को राजनीति में लाए जाने की मांग कर रहे थे।

प्रियंका को शुभकामनाएं: प्रशांत किशोर

प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर जेडीयू नेता और राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कहा कि भारतीय राजनीति में बहुप्रतीक्षित एंट्री अंतत: हो गई है। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस में आज एक और राज्याभिषेक हुआ है. साबित हो गया कि राहुल गांधी फेल हो गए हैं इसलिए प्रियंका वाड्रा को लाया गया है. यही अंतर है कि कांग्रेस में परिवार ही पार्टी और बीजेपी में पार्टी ही परिवार है. नया भारत आज सवाल पूछ रहा है की आजादी के सत्तर साल बाद भी क्या एक ही परिवार को कांग्रेस आगे बढ़ाती रहेगी?

गांधी-नेहरू वंशवाद को बचाने का आखिरी प्रयास: जेडीयू

जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा, "हम प्रियंका गांधी राजनीति में स्वागत करते हैं। गांधी नेहरू परिवार की पार्टी है, उनके परिवार के कई सदस्य पहले से राजनीति में हैं। उनकी एंट्री का हम स्वागत करते हैं। प्रियंका गांधी एक बड़ी नेता के तौर उभरेंगी इसमें कोई शक नहीं है। जिस अवसर पर उन्हें पद दिया गया है वो गठबंधन में जगह ना मिलने पर छटपटाहट का नतीजा है। गांधी-नेहरू परिवार के वंशवाद को बचाने का आखिरी प्रयास है।''

राहुल गांधी हो गए हैं फेल: स्मृति ईरानी

प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने पर बीजेपी की वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस ने आज घोषणा कर दी है कि राहुल गांधी फेल हो गए हैं। आपको बता दें कि स्मृति ईरानी 2014 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से चुनाव लड़ी थी। उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

पूर्वी उत्तर प्रदेश का गणित

पूर्वी उत्तर प्रदेश की बात करें तो इस क्षेत्र में 21 जिले हैं, जिनमें लोकसभा की 26 और विधानसभा की 130 सीटें हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश खासकर भोजपुरी भाषी बेल्ट है। इस क्षेत्र की अहमियत इसी बात से समझी जा सकती है, अभी तक पांच प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, वीपी सिंह, चंद्रशेखर और नरेंद्र मोदी पूर्वी उत्तर प्रदेश से ही आए हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, वाराणसी और आजमगढ़ जैसी सीटें आती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad