Advertisement

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरेंगे: अखिलेश यादव

लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश में होने...
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरेंगे: अखिलेश यादव

लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए अच्छी संभावनाएं हैं। हम पूरी ताकत के साथ चुनाव में उतरेंगे। आपसी तालमेल और एकजुटता से वहां चुनाव में अपेक्षित परिणाम आ सकते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि सन् 2003 में समाजवादी पार्टी के 7 विधायक जीत दर्ज करा चुके हैं। इस बार पहले से अधिक समाजवादी विधायक जीत कर आयेंगे। 

अखिलेश आज पार्टी मुख्यालय लखनऊ में मध्य प्रदेश के सपा नेताओं तथा पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में मध्य प्रदेश के संभावित विधानसभा प्रत्याशियों के नामों पर भी चर्चा हुई। 

यादव ने कहा कि सपा के पास निष्ठावान कार्यकर्ता बड़ी संख्या में है। समाजवादी कारवां अब रूकने वाला नहीं है। गरीब, पिछड़े समाज की आबादी समाजवादी पार्टी की असली ताकत है। मध्य प्रदेश में भी उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार के समय हुए विकास कार्यों की चर्चा होती है। यहां की उपलब्धियों का मध्य प्रदेश की जनता के बीच और प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। मध्य प्रदेश में आदिवासियों की बड़ी संख्या है, हमें उनके बीच अपनी पैठ बनानी चाहिए। समाजवादी पार्टी शोषितों, वंचितों तथा पिछड़ों को हक और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा सरकार गरीबों की दुश्मन है। भाजपा को लोकतंत्र की परवाह नहीं है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने विकासकार्यों को ठप्प कर दिया है। मध्य प्रदेश में भी घोर गरीबी, बेकारी और अन्याय-अत्याचार है। किसानों के साथ भाजपा का रवैया उपेक्षापूर्ण है। भाजपा की सरकारों में नौजवानों का कोई भविष्य नहीं है।

अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरह मध्य प्रदेश में भी भाजपा सरकार ने घोटाले कर रखे हैं। वहां भी भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है। किसान, नौजवान सभी परेशान है। महंगाई और बेरोजगारी की मार से लोग कराह रहे है। मध्य प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से छुटकारा पाना चाहेगी।

मध्य प्रदेश से आए कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे अखिलेश यादव के निर्देश मानेंगे।कार्यकर्ताओं ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस बार मध्य प्रदेश में समाजवादी विधायक बड़ी संख्या में जीत कर आएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad