Advertisement

महाराष्‍ट्र में 4000 रेजीडेंट डॉक्टर अभी भी ड्यूटी पर नहीं लौटे

विरोध प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के मामले में बंबई उच्च न्यायालय के दखल देने के बाद भी डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे हैं। डॉक्टरों का प्रतिनिधित्व कर रहे संगठन ने भी डॉक्टरों से ड्यूटी पर वापस लौटने की अपील की है। बंबई उच्च न्यायालय ने हड़ताल कर रहे डॉक्टरों को काम पर नहीं लौटने को लेकर फटकार लगाई।
महाराष्‍ट्र में 4000 रेजीडेंट डॉक्टर अभी भी ड्यूटी पर नहीं लौटे

डॉक्टरों के काम पर नहीं लौटने की वजह से सरकारी अस्पतालों के ओपीडी और जनरल वार्ड का कामकाज प्रभावित हो सकता है।

केईएम अस्पताल के डीन डॉक्टर अविनाश सूपे ने पीटीआई भाषा को बताया, केईएम, सियोन और नायर अस्पताल के ओपीडी में अभी तक पूरी तरह से कामकाज बहाल नहीं हो पाया है। कुछ डॉक्टर काम कर रहे हैं लेकिन इससे मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।

हड़ताल पर गए डॉक्टरों के ड्यूटी पर लौटने के सवाल पर उन्होंने बताया, कुछ ही डॉक्टर ड्यूटी पर वापस लौटे हैं। इसलिए, पूरी चिकित्सीय सेवा तत्काल उपलब्ध नहीं हो पाएगी।

बंबई उच्च न्यायालय ने रेजीडेंट डॉक्टरों को काम पर तत्काल वापस लौटने का निर्देश दिया है। न्‍यायालय ने अब तक काम पर नहीं लौटने पर डॉक्‍टरों को कड़ी फटकार भी लगाई है।  हालांकि अदालत का आदेश वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं था इसलिए प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों ने इंतजार करने का फैसला किया है।

हड़ताल खत्म कराने के लिए महाराष्‍ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा मुद्दे का निपटारा करने के लिए एक पैनल गठित करने का प्रस्ताव दिया है। भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad