Advertisement

केदारनाथ धाम में बोले पीएम मोदी- 'कल जवानों संग दिवाली मनाई, आज जवानों की जन्मभूमि पर हूं'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केदारनाथ धाम में हैं। आज सुबह मोदी ने बाबा केदार के दर्शन किए और पूजा...
केदारनाथ धाम में बोले पीएम मोदी- 'कल जवानों संग दिवाली मनाई, आज जवानों की जन्मभूमि पर हूं'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केदारनाथ धाम में हैं। आज सुबह मोदी ने बाबा केदार के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। केदारनाथ धाम लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आप सभी आदि शंकराचार्य जी की समाधि की पुन स्थापना के साक्षी बन रहे हैं। यह भारत की आध्यात्मिक समृद्धि और व्यापकता का बहुत अलौकिक दृश्य है। आज सभी मठों, 12 ज्योतिर्लिंगों, अनेक शिवालयों, शक्ति धाम,अनेक तीर्थ क्षेत्रों पर देश के गणमान्य महापुरुष, पूज्य शंकराचार्य परंपरा से जुड़े हुए सभी वरिष्ठ ऋषि, मनीषी और अनेक श्रद्धालु भी देश के हर कोने से केदारनाथ की इस पवित्र भूमि के साथ हमें आशीर्वाद दे रहे हैं।  

केदारनाथ धाम में पीएम मोदी ने कहा कि हमारा देश तो इतना विशाल है, इतनी महान ऋषि परंपरा है। एक से बढ़कर एक तपस्वी आज भी भारत के हर कोने में आध्यात्मिक चेतना को जगाते रहते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कई साल पहले केदारनाथ धाम में त्रासदी आई थी। मैंने अपनी आंखों से उस तबाही को देखा था। लोग सोचते थे कि हमारा केदारनाथ धाम फिर से उठ खड़ा होगा क्य़ा? लेकिन मेरे अंदर की आवाज कह रही थी कि केदारनाथ धाम पहले से अधिक आन, बान और शान के साथ खड़ा होगा। पीएम मोदी ने कहा कि बाबा केदारनाथ की शरण में जब भी आता हूं, यहां के कण-कण से जुड़ जाता हूं। यहां का वातावरण अलग अनुभूति में खींचकर ले जाता है, जिसको बयां नहीं किया जा सकता है। कल सैनिकों के साथ दिपावली मनाई। आज सैनिकों की जन्मभूमि पर हूं।

मोदी ने आगे कहा कि हमारे उपनिषदों में आदि शंकराचार्य जी की रचनाओं में कई जगह नेति-नेति कहकर एक भाव विश्व का विस्तार दिया गया है। रामचरित मानस को भी हम देखें तो इसमें अलग तरीके से ये भाव दोहराया गया है।

पीएम मोदी से पहले उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 5 सालों में केदारनाथ में सैकड़ों रुपये के कार्य हुए। बद्रीनाथ धाम के लिए 245 करोड़ रुपए की धनराशि आपके(प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) द्वारा स्वीकृत हुए है। गंगोत्री और यमुनोत्री के लिए भी करोड़ों रुपए के कार्य स्वीकृत हो गए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर पूरे गौरव के साथ बन रहा है। अयोध्या को उसका गौरव सदियों के बाद वापस मिल रहा है। दो दिन पहले अयोध्या में दीपोत्सव आयोजन को पूरी दुनिया ने देखा। भारत का प्रचीन सांस्कृतिक स्वरूप कैसा रहा होगा आज हम उसकी कल्पना कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान राम से जुड़े जितने भी तीर्थ स्थान है उनको जोड़कर पूरा सर्किट बनाने का काम चल रहा है। उत्तर प्रदेश में काशी का भी कायाकल्प हो रहा है। विश्वनाथ धाम का कार्य भी तेजी से हो रहा है।

पीएम मोदी ने केदारनाथ में 130 करोड़ की लागत वाले प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया है। साथ ही 400 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया है। इस दौरान उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और मौजूदा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad