Advertisement

गोवध कानून पर अब हिमाचल उच्च न्यायालय भी बोला

हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने आज केंद्र सरकार को अगले तीन महीनों में गोवध प्रतिबंधित करने के लिए एक कानून बनाने पर और देश में गोमांस एवं इससे बने उत्पादों के आयात निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने पर विचार करने के लिए कहा। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार है।
गोवध कानून पर अब हिमाचल उच्च न्यायालय भी बोला

न्यायमूर्ति राजीव शर्मा और न्यायमूर्ति सुरेश्वर ठाकुर की एक खंडपीठ ने अपने 36 पन्नों के फैसले में कहा कि धर्मनिरपेक्षता भारतीय संविधान की बुनियादी विशेषताओं में से एक है और लोगों को एक दूसरे की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं करनी चाहिए। खंडपीठ ने कहा कि समाज में सामंजस्य होना चाहिए क्योंकि संघर्ष से लोकतंत्र का ताना बाना बिखरता है और साथ ही एक दूसरे के प्रति अविश्वास पनपता है।

 

साथ ही उच्च न्यायालय ने केंद्र को गाय एवं बछड़ों की सुरक्षा एवं संरक्षण के खास उद्देश्य से गायों और आवारा मवेशियों के लिए चारा उपलब्ध कराने एवं उसके भंडारण के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार को जरूरी धनराशि उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है। उच्च न्यायालय ने गायों की सुरक्षा के लिए काम करने वाले एक स्थानीय गैर सरकारी संगठन भारतीय गोवंश रक्षण सवंर्धन परिषद द्वारा दायर जनहित याचिका पर ये आदेश दिए। गौरतलब है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से गाय पर शुरू हुई राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही। यहां तक कि बिहार चुनाव में भी गाय राजनीतिक मुद्दा बन गई। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad