Advertisement

भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का नीतीश पर तंज, 'काम शुरू करो नहीं तो तेजस्वी तैयार है'

भाजपा में रहते हुए बागी तेवर अपनाने वाले सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने इस बार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश...
भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का नीतीश पर तंज, 'काम शुरू करो नहीं तो तेजस्वी तैयार है'

भाजपा में रहते हुए बागी तेवर अपनाने वाले सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने इस बार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'एनडीए में शामिल मेरे दोस्त बिहार के लिए कुछ काम करना शुरू करो नहीं तो अर्जुन आपकी सत्ता हथियाने के लिए तैयार है। तेजस्वी यादव की चुनौती अब बिहार के हर कोने से सुनाई दे रही है, जय बिहार! जय हिंद!'

उल्लेखनीय है कि इससे पहले, सिन्हा ने बिहार के लिए विशेष दर्जे की मांग को बकवास करार दिया था। उन्होंने कहा था कि आम चुनावों से पहले ऐसी मांग घड़ियाली आंसू बहाना है।

सिन्हा ने कई ट्वीट कर नीतीश सरकार पर आरोप लगाया था कि बिहार में 'प्रदर्शन से ज्यादा प्रचार पर जोर है', जहां एनडीए करीब एक साल के लिए ही सत्ता में रहने वाली है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था, 'जैसे-जैसे आम चुनाव दस्तक देना शुरू कर रहे हैं वैसे-वैसे घड़ियाली आंसू बहने शुरू हो गए हैं और नाटक फिर शुरू हो गया है। बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन केंद्र की अपनी ही राजग सरकार से राज्य के लिए एक बार फिर से विशेष दर्जे की मांग कर रहा है और वह भी खुलेआम।'

इससे पहले, उन्होंने कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर पार्टी नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा था कि भाजपा जुगाड़ और दबाव से सत्ता हासिल करने में लगी है। जन-बल के बदले धन-बल से सरकार बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा था कि जनता खामोशी से चाल, चरित्र और चेहरा देख रही है। वह पूर्व क्रिकेटर और दरभंगा के सांसद कीर्ति आजाद के छोटे बेटे के प्रीतिभोज में शामिल होने दरभंगा पहुंचे थे।

इस दौरान एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा था कि इंतजार कीजिए आने वाले दिनों में बिहार में बड़े सामाजिक और राजनीतिक बदलाव होने जा रहे हैं। परिवर्तन प्रकृति का नियम है। जल्द ही लोगों को बिहार में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा। शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब सीट से भाजपा सांसद हैं और वह लंबे समय से पार्टी नेतृत्व के आलोचक रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad