Advertisement

बंगाल के हर जिले में जमीन खरीदेगी भाजपा

आज तक पिछड़े व दलितों के उद्धार की सिर्फ बातें होती रही है लेकिन केंद्र की मोदी सरकार द्वारा इन वर्गों के लिए जोरशोर से काम किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने ये बातें कहीं। वे प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा की सभा को संबोधित कर रहे थे। भारतीय संविधान के जनक डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर आयोजित सभा में घोष ने कहा कि भाजपा को जमीन को लेकर निशाना बनाया जा रहा है लेकिन भाजपा राज्य के हर जिले में जमीन खरीदेगी और जिसे जो करना है कर ले।
बंगाल के हर जिले में जमीन खरीदेगी भाजपा

उन्होंने कहा कि भाजपा जमीन के कागजात मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घर भेज देगी। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि नोटबंदी पर कुछ कथित बुद्धिजीवी अनाप-शनाप बक रहें हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारा हिसाब-किताब पारदर्शी है। इसलिए उन्हें किसी से डर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तो वाममोर्चा जुरासिक पार्क हो गया है। देश पीएम मोदी के साथ है। इसलिए विरोधियों को हजम नहीं हो रहा है।

इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने भी तृणमूल सरकार पर चिटफंड घोटाले को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह पता चल जाएगा कि किसका कितना कालाधन स्विस या अन्य देशों के बैंकों में है। सबका हिसाब होगा। वहीं भाजपा के पूर्व विधायक शमिक भट्टाचार्य ने भी कालेधन के खिलाफ कहा कि ममता लखनऊ तो क्या मंगल ग्रह पर जाकर आंदोलन कर सकती हैं। उन्होंने सवाल किया कि चिटफंड के कारण राज्य में मरने वाले 124 लोगों में क्या कोई भी मृतक तृणमूल से नहीं जुड़ा था। आखिर इस मामले में राज्य सरकार ने अबतक क्या किया। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष स्वपन पाल ने सांगठनिक मजबूती पर अपने विचार व्यक्त किए। (एजेंसी)

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad