Advertisement

कोरोना का कहर: इन पांच राज्यों ने बढ़ाई चिंता, इन प्रदेशों में ही 80 फीसदी से ज्यादा केस

देश में तीसरी लहर की आशंका के बीच कोरोना वायरस के नए मामलों तेजी देखी जा रही है। हालांकि, कोरोना मामलों...
कोरोना का कहर: इन पांच राज्यों ने बढ़ाई चिंता, इन प्रदेशों में ही 80 फीसदी से ज्यादा केस

देश में तीसरी लहर की आशंका के बीच कोरोना वायरस के नए मामलों तेजी देखी जा रही है। हालांकि, कोरोना मामलों में बढ़ोतरी कुछ ही राज्यों में दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 42,982 नए मामले सामने आए हैं। आजतक की खबर के मुताबिक, इनमें से 80.73 फीसदी केस सिर्फ पांच राज्यों में दर्ज किए गए हैं। वहीं, अकेले केरल में 52.15 प्रतिशत केस मिले हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा कोरोना मामलों वाले राज्यों में केरल सबसे ऊपर है जहां 22,414 नए मामले सामने आए हैं। केरल के बाद महाराष्ट्र में 6,126 मामले, आंध्र प्रदेश में 2,442 मामले, तमिलनाडु में 1,949 मामले और कर्नाटक में 1,769 नए केस दर्ज किए गए हैं।

बता दें कि पिछले 24 घंटे में देश भर में कोरोना से 533 मरीजों की मौत हुई है, जिसमें सबसे महाराष्ट्र का आंकड़ा सबसे ज्यादा है। यहां 195 कोरोना मरीजों की जान गई है। वहीं, केरल में 108 मरीजों की मौत हुई है। वर्तमान में भारत का रिकवरी रेट 97.37 फीसदी है।

पिछले 24 घंटे में कोरोना के 41,726 मरीज ठीक हुए हैं, जिसके साथ ही कुल ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 3,09,74,748 हो गई है। वहीं, देश में अभी कोरोना के 4,11,076 एक्टिव केस हैं, जिनका इलाज जारी है।

बिहार में अब रियायतों का दौर शुरू

बिहार में कोरोना के कम होते केस के बीच अब रियायतों का दौर भी शुरू हो गया है। सीएम नीतीश कुमार ने अनलॉक-5 की रियायतों का ऐलान कर दिया है। अब बिहार में स्कूल भी खुलेंगे और कुछ प्रतिबंधों के साथ सिनेमा हॉल को भी खोला जाएगा। 25 अगस्त तक सभी दुकानों को साप्ताहिक बंदी के साथ खोलने का निर्णय लिया गया है।

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad