Advertisement

बारिश का असर: महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदन स्थगित

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों मे भारी बारिश की वजह से सोमवार को कई विधायक और...
बारिश का असर: महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदन स्थगित

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों मे भारी बारिश की वजह से सोमवार को कई विधायक और विधान पार्षद विधानमंडल नहीं पहुंच पाए जिसकी वजह से दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। विधानसभा की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे जैसे ही शुरू हुई, नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने रेखांकित किया कि मूसलाधार बारिश की वजह से मुंबई के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद मानसून पूर्व तैयारियां नहीं की गईं। इसपर, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि मुंबई में (रात भर में) रिकॉर्ड 300 मिलीमीटर बारिश हुई है और कई विधायक और मंत्री अबतक विधानभवन नहीं पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ कोरम (सदन की कार्यवाही शुरू करने के लिए आवश्यक न्यूनतम सदस्य संख्या) भी पूरा नहीं हुआ है, इसलिए सदन की कार्यवाही अपराह्न एक बजे तक के लिए स्थगित की जाती है। ’’

सदन की कार्यवाही जब दोबारा शुरू हुई तो नार्वेकर ने कहा कि विधानसभा में कार्यरत कर्मचारियों को वापस घर जाना है और यहां तक कई विधायक और मंत्री भी पहुंच नहीं पाए हैं। उन्होंने कहा कि अपराह्न एक बजकर 27 मिनट पर ज्वार आने की सूचना है। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि सिंधुदुर्ग जिले में गत 24 घंटे में 216.5 मिमी बारिश दर्ज की गई और 374 लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ जिले में 95.6 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि मुंबई के कोलाबा (दक्षिण मुंबई) में 93.8 मिमी और सांताक्रूज (पश्चिमी उपनगर में) में 266.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। फडणवीस ने बताया कि सायन- कुर्ला के बीच रेल पटरी पानी में डूबी है और चूनाभट्टी इलाके में बाढ़ जैसे हालात है जिसकी वजह से हार्बर लाइन की उपनगरीय सेवाएं प्रभावित हैं।

उप मुख्यमंत्री के मुताबिक, सेंट्रल लाइन की ट्रेनें देरी से चल रही हैं जबकि नाहुर में बाढ़ की वजह से फास्ट लाइन पर परिचालन प्रभावित हुआ है। महालक्ष्मी एक्सप्रेस को अंबरनाथ में रोका गया है। ठाणे में ही कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को स्थगित कर दिया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई में जहां भारी बारिश हो रही है और ज्वार आया है, वहां बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है।

फडणवीस ने बताया कि पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय सेवाएं 15 मिनट की देरी से चल रही हैं। उन्होंने बताया कि भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर तटीय इलाकों में ‘आरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है... ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (कार्रवाई के लिए तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत)।

वडेट्टीवार ने मानसून सत्र एक दिन और बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि 12 जुलाई को भी विधान परिषद चुनाव की वजह से विधायी कार्य नहीं होगा। भारतीय जनता पार्टी के आशीष शेलार ने कहा कि सोमवार को 4.4 मीटर ऊंची लहरें उठीं। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी चुनाव में व्यस्त थे । ठेकेदार नालों की सफाई और उनकी गाद निकालने के लिए जिम्मेदार हैं।’’

उन्होंने कहा कि गाद निकाल कर नालों के किनारे रख दिया गया तथा बारिश के पानी के साथ यह गंदगी फिर से नालों में चली गई। उन्होंने ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद नार्वेकर ने सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी। विधान परिषद की कार्यवाही भी उप सभापति नीलम गोरहे ने पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी। उन्होंने कहा, ‘‘ मुंबई सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की वजह से कई विधान पार्षद और राज्य के अधिकारी सत्र में हिस्सा लेने के लिए मुंबई नहीं पहुंच सके हैं।’’

गोरहे ने राज्य सरकार को वर्ली सड़क हादसे पर मंगलवार को उच्च सदन में बयान देने का निर्देश दिया। इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) के विधान पार्षद सचिन अहीर ने यह मुद्दा उठाया था और सरकार से बयान देने की मांग की थी।

वर्ली कोलीवाड़ा निवासी कावेरी नखवा (45) रविवार को सुबह करीब 5.30 बजे अपने पति प्रदीप के साथ डॉ. एनी बेसेंट मार्ग से गुजर रही थीं, तभी बीएमडब्ल्यू सवार मिहिर शाह ने दंपति के दोपहिया वाहन को कथित तौर पर टक्कर मार दी। महिला कार के साथ दो किलोमीटर से अधिक दूरी तक घिसटती चली गई। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी पड़ोसी पालघर जिले के शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad