Advertisement

मुंबई के क्रिस्टल टावर में लगी भीषण आग से चार लोगों की मौत, 14 हुए घायल

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। मुंबई...
मुंबई के क्रिस्टल टावर में लगी भीषण आग से चार लोगों की मौत, 14 हुए घायल

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। मुंबई के परेल इलाके में हिंदमाता सिनेमा के पास क्रिस्टल टावर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दम घटने से एक महिला सहित चार लोगों की मौत जबकि 14 लोगों के घायल होने की खबर है।

अस्पताल में भर्ती 16 मरीजों की हालत स्थिर है

मुंबई के परेल इलाके में हिन्दमाता सिनेमा के निकट क्रिस्टल टॉवर में लगी आग में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। केईएम अस्पताल के डीन डॉ अविनाश एन. सुपे ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया, 'कुल 20 लोग केईएम अस्पताल में लाए गए थे, जिनमें से चार को 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया गया था। इनमें से एक उम्रदराज महिला थीं और शेष तीनों पुरुष थे। दो शवों की शिनाख्त हो चुकी है। शेष सभी 16 मरीजों की हालत स्थिर है, जिनमें 10 पुरुष और छह महिलाएं हैं'।

20 से 25 लोगों को बिल्डिंग से निकाला गया सुरक्षित

बुधवार सुबह अचानक परेल इलाके में स्थित 17 मंजिला क्रिस्टल टावर की 12वीं मंजिल पर आग लग गई। इस हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर करीब 20 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया। टावर से 20-25 लोगों को क्रेन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। बताया जा रहा है कि इस बिल्डिंग में आग से सुरक्षा संबंधित नियमों का पालन नहीं किया गया था।

14 लोग अस्पताल में भर्ती, आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

केईएम अस्पताल के डीन ने बताया कि कुल 16 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से दो की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। बाकी लोगों की हालत स्थिर है। इसके बाद अब दो लोगों की मौत की खबर और आई है। फिलहाल, फायर ब्रिगेड के कर्मचारी बिल्डिंग के अंदर दाखिल हो गए हैं और जांच कर रहे हैं कि कोई और व्यक्ति तो टावर के अंदर नहीं फंसा है। पुलिस भी आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है।

वहीं, स्थानीय नगर निकाय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार,  धुंए की वजह से 16 लोग बीमार हो गए। उन्हें केईएम अस्पताल ले जाया गया।

बिल्डिंग में अब चल रहा है 'कूलिंग ऑपरेशन

अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और अब 'कूलिंग ऑपरेशन चल रहा है। मुंबई दमकल विभाग के प्रमुख पी. एस. रहांगदले ने बताया कि टावर की 12वीं मंजिल पर आग लगने की सूचना दमकल विभाग को सुबह आठ बजकर बत्तीस मिनट पर मिली। आग लगने के कारण उठा धुंआ तेजी से फैला और इमारत में रहने वाले लोग सीढ़ियों आदि पर फंस गए।

ऐसे पाया गया आग पर काबू

दमकल विभाग नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी के अनुसार, धुंआ भवन की सीढ़ियों पर फैल गया। एहतियात के तौर पर लिफ्ट का प्रयोग नहीं किया गया। भवन के भीतर फंसे लोगों को निकालने के लिए दमकल विभाग ने विशेष सीढ़ियों का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि दस दमकल गाड़ियां, पानी के चार टैंकर, मुंबई पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण जांच के बाद पता चलेगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad