Advertisement

मोदी का विनिर्माण क्षेत्र में दुनिया को आमंत्रण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत में वैश्विक विनिर्माणकार्य का केंद्र बनने की भारी क्षमता है और उन्होंने दुनिया को सबसे तीव्र गति से वृद्धि कर रही भारतीय अर्थव्यवस्था के साथ भागीदारी करने के लिए आमंत्रित किया है।
मोदी का विनिर्माण क्षेत्र में दुनिया को आमंत्रण

मोदी ने यहां दुनिया के सबसे बड़ी औद्योगिक प्रदर्शनी हनोवर मेसे में जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल के साथ भारतीय पवेलियन का उद्घाटन करने के बाद कहा, पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। भारत की युवा आबादी व मांग दुनिया को भारत की ओर आकर्षित कर रही है।

भारत इस प्रदर्शनी में भागीदार देश है। मोदी ने कहा कि न केवल जर्मनी बल्कि पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में विनिर्माण हब (केंद्र) बनने की जोरदार क्षमता है।

मोदी ने कहा, विनिर्माण की कम लागत, कामकाज के दक्ष संचालन, परिशुद्ध विनिर्माण से भारत विनिर्माण केंद्र में वैश्विक इंजन बन सकता है। मोदी ने पूरी दुनिया को भारत आने का न्योता देते हुए देश के साथ भागीदारी बढ़ाने को कहा।

उन्होंने दुनिया से भारत में अवसरों का लाभ उठाने को कहा, जिससे सफलता की नई उंचाइयों को छुआ जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया की सभी प्रकार की रेटिंग एजेंसियां कह रही हैं कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।

मर्केल ने कहा कि भारत ने प्रदर्शनी में जो दिखाया है वह उससे काफी प्रभावित हैं। जर्मनी की चांसलर ने कहा, भारत ऐसा देश है जहां काफी युवा आबादी है। लोग जो रोजगार चाहते हैं, अपने देश को आगे बढ़ते देखना चाहते हैं। मर्केल ने कहा कि जब आप लोकतंत्र, नवप्रवर्तन क्षमता व समृद्धि पर विचार करते हैं, तो भारत का भविष्य है।

आपका देश एक अच्छा उदाहरण है, जो आसानी से संभव है। जर्मनी की नेता ने कहा कि उनका देश भारत के साथ एक नजदीकी भागीदारी का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि हनोवर प्रदर्शनी से हमारे संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ेगा।

मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि जर्मनी इस भागीदारी का विकास करने को तैयार है। भारतीय पवेलियन का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री ने भारतीय स्टॉल व शेष प्रदर्शनी को देखा। मोदी ने भारतीय पवेलियन में जर्मनी की चांसलर को चाय और स्नैक्स की भी पेशकश की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad