Advertisement

ऑस्ट्रेलिया में बम धमाके की आतंकी साजिश विफल

ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने इस्लामिक स्टेट द्वारा मेलबर्न के प्रमुख स्थलों पर सिलसिलेवार ढंग से बम विस्फोट करने के लिए रची गई साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने शहर भर में छापे मारकर सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
ऑस्ट्रेलिया में बम धमाके की आतंकी साजिश विफल

इस साजिश के तहत फेडरेशन स्कवायर के पास के क्षेत्र, फ्लिंडर्स स्टीट स्टेशन और सेंट पॉल्ज़ कैथेड्रल समेत अन्य लक्षित स्थानों को निशाना बनाने के लिए विस्फोटकों,  संभवत: चाकू और बंदूकों का इंतजाम किया गया था। इस शहर में लगभग 40 लाख लोग रहते हैं।

पुलिस ने कहा कि उसे छापेमारी में आईईडी बरामद हुए हैं। इस साजिश में उस क्षेत्रा का सर्वेक्षण अभियान भी शामिल था, जहां हमला किया जाना था।

प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल ने कहा कि  हमारी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने रातभर में एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि इस्लामी आतंकवाद एक ऐसी वैश्विक चुनौती है, जो हम सभी को प्रभावित करती है। लेकिन हमें आतंकवादियों के सामने घुटने नहीं टेकने चाहिए।

उन्होंने कहा कि  रात भर ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस के साथ काम करते हुए विक्टोरिया पुलिस ने पांच परिसरों में तलाशी ली और सात लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें से पांच लोग अब भी हिरासत में हैं। पुलिस का तलाशी अभियान अब भी जारी है।

इन सात में से दो लोगों को कल रात और आज सुबह मेलबर्न में की गई छापेमारी में गिरफ्तार कियागया। इनमें एक व्यक्ति 26 साल का था और एक युवती 20 साल की थी। इन दोनों को बिना किसी आरोप के रिहा कर दिया गया है।

अन्य पांच लोगों की उम्र 21 से 26 साल है। ये लोग इस साजिश के आरोप में अब भी हिरासत में हैं। विक्टोरिया राज्य की पुलिस के प्रमुख आयुक्त ग्राहम एश्टन ने कहा कि हिरासत में रखे गए लोगों में से चार का जन्म ऑस्ट्रेलिया में हुआ था और पांचवा व्यक्ति मिस्र में जन्मा था। उसके पास मिस्र और ऑस्ट्रेलिया दोनों की नागरिकता है।

एश्टन ने कहा कि पुलिस ने कई सप्ताह तक जांच चलने के बाद मेलबर्न के उत्तरपश्चिमी क्षेत्रा में रात भर में पांच छापे मारे थे। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इस हमले में कई लोगों के घायल होने या मारे जाने की आशंका थी।

पुलिस ने कहा कि संदिग्ध लोग स्वत: चरमपंथ की चपेट में आए थे लेकिन इस्लामिक स्टेट से प्रेरित थे। आयुक्त एश्टन ने कहा कि हिरासत में रखे गए पांच लोगों को अदालती कार्रवाई का सामना करना होगा। उनपर आतंकी घटना की तैयारी करने में संलिप्त होने के आरोप हैं।

न्याय मंत्री माइकल कीनन ने कहा कि इस अभियान ने उस हमले को विफल कर दिया है, जो बहुत भयावह हो सकता था और बहुत लोगों को हताहत कर सकता था। जिन स्थानों को निशाना बनाने के लिए चुना गया था, वे सभी शहर के बीचों-बीच हैं। ये स्थान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड से ज्यादा दूर नहीं हैं। इसी क्रिकेट ग्राउंड में लगभग एक लाख लोग ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान में होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट में शामिल होने वाले हैं। ऑस्ट्रेलिया के राष्टीय आतंकवाद खतरा स्तर को सितंबर 2014 में बढ़ाकर संभावित कर दिया गया था।

 

ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने कहा कि उसके बाद से यहां चार हमले हो चुके हैं। इनमें पिछले साल एक सिडनी पुलिस कमर्ी की हत्या शामिल है। इसके अलावा 12 आतंकी हमले विफल कर दिए गए। पुलिस ने कई गिरफ्तारियां की हैं और ऐसा कहा जाता है कि वह हिरासत में लिए गए लोगों की कम उम्र और उन्हें गहराई तक चपेट में लेने वाले चरमपंथ के कारण चिंतित है। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad