Advertisement
27 नवंबर 2023 · NOV 27 , 2023

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की हलचल
शीतल देवी

मन के जीते जीत

शीतल देवी का जन्म जम्मू के किश्तवाड़ में हुआ और जन्म से ही उनके दोनों हाथ नहीं हैं। यह बात भी उनके हौसले में आड़े नहीं आई। चीन के हांगझाऊ में हुए एशियाई पैरा ओलंपिक में वे दो स्वर्ण सहित तीन मेडल ले आईं। कैसे? उनके सिर्फ हाथ ही तो नहीं थे, उनके पैर सही सलामत थे और हौसले उससे ज्यादा दुरुस्त। शीतल के पिता किसानी करते हैं और मां बकरियां चराने जाती हैं। पैर से धनुष चलाने पर आश्चर्य करने से पहले यह भी जान लीजिए कि उनके धनुष का वजन 27.5 किलो है। 

नकलीपावरी

दानानीर मोबिन

यह हैं दानानीर मोबिन और यह उनकी शादी हो री है। लग तो ऐसा ही रा था, जब फोटो आई। लेकिन ‘ये हमारी कार है और ये हमारी पावरी हो रही है’, गर्ल ने सबका दिल ही तोड़ दिया। तस्वीरें देख कर लगा था, कार की पावरी अब बड़ी हो जाएगी और खूब जश्न होगा। लेकिन दरअसल दानानीर तो एक शूट कर रही थीं, जिसके लिए उन्होंने यह रूप धरा और सबको लगा कि उन्हें पार्टी करने के लिए सच में कोई मिल गया है।

हर बात की जल्दी

सलमान खान

यहां फोटो, वीडियो आई नहीं कि कमेंट करने की हड़बड़ी, तुरंत फैसला सुनाने की जल्दी। ठंड रखा करो सोशल मीडिया के जज साहिबों। दुबई में एक फुटबॉल मैच में क्रिस्टियानो रोनॉल्डो किसी और से बात करने को आगे क्या बढ़े, भारत के भाई जान थोड़ा पीछे क्या रह गए हाय-तौबा मच गई। भैया लोगों रोनॉल्डो ने सलमान खान भाईजान को इग्नोर नहीं किया। दूसरे वीडियो में दोनों हंस कर बाते कर रहे हैं। हां नहीं तो।

डबल बोनस

माइकल डगलस

गोवा में होने वाले 54वें फिल्म महोत्सव में इस बार खास मेहमान होंगे माइकल डगलस। डगलस को सत्यजित राय लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान दिया जाएगा। इस खबर पर डगलस को आभार तो जताना ही था। उन्होंने वह किया भी। एक्स पर भारत के प्रति प्यार दर्शाया, सम्मान पर खुशी जाहिर की और यह भी लिख दिया कि समारोह में कैथरीन जेटा जोंस भी उनके साथ आएंगी। अंधा क्या चाहे दो अांखें। भारत की सिने प्रेमी जनता डगलस के आने के बजाय इस बात से ज्यादा खुश हैं कि कैथी भी आएंगी।

कुछ तो बात है...

रिया चक्रवर्ती

काला जादू करने के आरोप से लेकर हत्या के आरोप तक, जेल जाने से लेकर बाहर आकर सिंगल आउट किए जाने तक रिया चक्रवर्ती ने क्या कुछ नहीं झेला। अब बूमरैंग की तरह वापसी करने के बाद वे याद कर रही हैं, सब कुछ लेकिन बिना कड़वाहट के। उनकी हस्ती मिटाने की तमाम साजिशों के बीच जब उन्होंने खुद को मजबूती से टिकाए रखा, तब फिल्म उद्योग ने फिर उन्हें अपनाना शुरू कर दिया है। धीरे-धीरे, मगर काम तो हो रहा है। रिया भी लौट रही हैं जैसे, लौटते हैं परिंदे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement