Advertisement
10 जुलाई 2023 · JUL 10 , 2023

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की हलचल
प्रसिद्ध कृष्णा

शादी का मौसम

हल्के शेड्स वाले कपड़ों में सजे दूल्हा-दुल्हन देख कर बोर हो गए लोगों के लिए आइपीएल राजस्थान टीम के खिलाड़ी प्रसिद्ध कृष्णा की शादी की तस्वीरें राहत दे सकती हैं। पारंपरिक अंदाज में सजी रचना और कृष्णा की मुस्कराहट से ताजे फूलों के हार की रंगत ही कुछ और हो गई है। भले ही सोशल मीडिया पर रचना के बारे में बहुत जानकारी नहीं है लेकिन उनकी दो-चार तस्वीरें देख कर ही लग रहा है कि स्टाइल में वह भी किसी दूसरे क्रिकेट खिलाड़ियों से कम नहीं हैं।

दुल्हन से बढ़कर

लीजा हेडन

इतना तो मानना ही पड़ेगा कि लीजा हेडन अपनी बहन की शादी में सबसे गॉर्जियस मेहमान रही होंगी। गुलाबी थ्रेड वर्क की साड़ी में ढीले-ढाले पल्लू में भी वह बहुत चुस्त लग रही थीं। अर्पिता मेहता की डिजाइन की साड़ी में लंदन की सड़क पर लचकती कमर के साथ उनका फोटो देखकर हर किसी का यही कहना था, दुल्हन जरूर आपके सामने फीकी ही लगी होगी।

नानी-नातिन

शर्मिला टैगोर

इनाया नवमी खेमू आजकल नानी के साथ वक्त गुजार रही हैं। नानी के साथ खाना, पार्क घूमना, कहानियां सुनने के अलावा योग करना भी उन्हें खूब भा रहा है। इनाया की मम्मी सोहा अली खान जो भी तस्वीरें पोस्ट कर रही हैं उन्हें देख कर ही नानी शर्मिला टैगोर का प्यार इनाया के प्रति दिख रहा है। दूसरों के लिए भले ही वे सेलेब्रिटी शर्मिला टैगोर हैं लेकिन इनाया के लिए तो वह बस नानी हैं और उन्हें वही सब करना है, जो नानी किया करती हैं। 

डी है जरूरी

ऋत्विक रोशन

ऋत्विक रोशन के लिए विटामिन एम (मनी) के लिए विटामिन डी जरूरी लगने लगा है। लंबे समय से सिर्फ अपनी नई गर्लफ्रेंड के कारण ही चर्चा का विषय बन रहे ऋत्विक को समझ आ गया है कि अब एक फिल्म बल्कि अच्छी फिल्म करना जरूरी है। पसीना बहाते ऋत्विक को देख कर लग रहा है शायद धूम टाइप कुछ काम मिला है। तभी तो बॉडी-शॉडी दिखा रहे हैं।

देसी कनेक्शन

नीलिमा

भारतीय मूल की ब्रिटिश मॉडल नीलीमा गिल का नाम आजकल बहुत चर्चा में है। झील सी गहरी आंखों वाली नीलीमा को जब से हॉलीवुड स्टार लियोनार्दो डि कैप्रियो के साथ देखा गया था, सुगबुगाहट तो तभी से थी। फिर दोनों कांस में साथ दिखे। यहां तक तो ठीक था लेकिन शक तब यकीन में बदलने लगा जब लियो अपनी मम्मी के साथ नीलीमा को डिनर पर ले गए।  अमेरिका में भी लड़की को पहले मम्मी से मिलवाना जरूरी होता है क्या।

Advertisement
Advertisement
Advertisement