Advertisement

झांझरिया-सरदार सिंह खेल रत्न से सम्मानित, पुजारा-हरमनप्रीत को मिला अर्जुन अवार्ड

36 वर्षीय देवेंद्र झांझरिया खेल रत्न पाने वाले पहले पैरा एथलीट हैं। क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा और हरमनप्रीत कौर सहित 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया।
झांझरिया-सरदार सिंह खेल रत्न से सम्मानित, पुजारा-हरमनप्रीत को मिला अर्जुन अवार्ड

रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता देवेंद्र झांझरिया और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह को खेल दिवस के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया। 36 वर्षीय झाझरिया खेल रत्न पाने वाले पहले पैरा एथलीट हैं।

झाझरिया ने साल 2016 में रियो पैरालंपिक में भाला फेंक एफ-46 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। वह इससे पहले 2004 के एथेंस पैरालंपिक में भी स्वर्ण जीत चुके हैं। राजस्थान के झाझरिया ने 2004 और 2016 के पैरालंपिक खेलों में नये विश्व रिकॉर्ड बनाते हुये स्वर्ण पदक जीते थे।

दुनिया के बेहतरीन मिडफील्डरों में शुमार सरदारसिंह की अगुवाई में भारत ने 2014 के इंचियोन एशियाई खेलों में 16 वर्ष के अंतराल के बाद जाकर हॉकी में स्वर्ण पदक हासिल किया था और रियो ओलंपिक के लिये सीधे क्वालीफाई किया था।

सरदार की अगुवाई में भारत ने न केवल पिछले एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीता था बल्कि सीधे रियो ओलंपिक का टिकट भी पाया था। सरदार का शुमार दुनिया के बेहतरीन मिडफील्डरों में होता है। जब वह 2008 के सुल्तान अजलान कप में भारतीय कप्तान बने थे तो उस समय कप्तानी संभालने वाले वह सबसे युवा कप्तान बने थे।

17 खिलाड़ियों को मिला अर्जुन अवार्ड

इसके साथ ही क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा और हरमनप्रीत कौर सहित 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। 3 लोगों को ध्यानचंद पुरस्कार और 7 कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। खेल रत्न में साढ़े सात लाख की पुरस्कार राशि दी जाती है जबकि अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद में पांच-पांच लाख रुपए की पुरस्कार राशि दिए जाने का प्रावधान है।

सरकार ने 22 अगस्त को आधिकारिक रूप से राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए खिलाड़ियों की घोषणा की थी। द्रोणाचार्य पुरस्कारों से केवल कोच सत्यनारायण को हटाया गया है जिनके खिलाफ एक आपराधिक मामला अदालत में लंबित है।

क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा और महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत सिंह, रियो पैरालंपिक में पुरूष ऊंची कूद में कांस्य पदक हासिल करने वाले वरूण सिंह भाटी, बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रशांती सिंह, गोल्फर एसएसपी चौरसिया और महिला फुटबालर ओनम बेमबेम देवी को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पैराएथलीट मरियपन्न-वरुण बने अर्जुन अवार्डी

इनके अलावा टेनिस खिलाड़ी साकेत मिनैनी, रियो पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाले ऊंची कूद एथलीट मरियपन्न थंगावेलू , महिला तीरंदाज वीजे सुरेखा, एथलीट खुशबीर कौर और आरोकिया राजीव, हॉकी खिलाड़ी एस वी सुनील, पहलवान सत्यव्रत कादियान, टेबल टेनिस खिलाड़ी एंथोनी अमलराज, निशानेबाज पीएन प्रकाश, कबड्डी खिलाड़ी जसवीर सिंह और मुक्केबाज़ देवेंद्रो सिंह को अर्जुन अवार्ड प्रदान किया गया। इस तरह रियो पैरालंपिक के चार पदक विजेताओं में से तीन खिलाड़ियो को खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

 गौरतलब है कि मरियप्पन ने रियो पैरालंपिक में ऊंची कूद में स्वर्ण पदक और वरुण भाटी ने कांस्य पदक हासिल किया था। गोल्फर चौरसिया ने 2016 और 2017 में लगातार इंडियन ओपन के खिताब जीतकर अपना नाम भारतीय गोल्फ इतिहास में दर्ज कराया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad