Advertisement

भारत ने जीती टी-20 सीरीज, रोहित और कोहली ने बनाए ये रिकॉर्ड

तीन मैचों की टी-20 सीरीज में भारत ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। रविवार को फ्लोरिडा में खेले गए मुकाबले में...
भारत ने जीती टी-20 सीरीज, रोहित और कोहली ने बनाए ये रिकॉर्ड

तीन मैचों की टी-20 सीरीज में भारत ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। रविवार को फ्लोरिडा में खेले गए मुकाबले में भारत ने बारिश से बाधित मैच में वेस्टइंडीज को 22 रनों से हरा दिया। मैच में रोहित शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली वहीं क्रुणाल पांड्या ने दो विकेट झटके। इस मैच में रोहित जहां टी-20 क्रिकेट के नए किंग बने तो वहीं विराट भी नंबर-एक खिलाड़ी बन गए हैं। 

क्रिस गेल को पछाड़ा

रोहित ने मैच में तीन छक्के लगाने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। रोहित के कुल 107 छक्के हो गए। उन्होंने वेस्टइंडीज के क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा। गेल ने 58 मैच में 105 छक्के लगाए थे। रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 51 गेंद पर 67 रन की पारी खेली।

विराट कोहली को भी छोड़ा पीछे

इस दौरान उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए। रोहित अंतरराष्ट्रीय टी-20 में सबसे ज्यादा 2422 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर भारतीय कप्तान विराट कोहली हैं। कोहली ने 69 मैच में 2310 रन बनाए। रोहित टी-20 में 21 बार 50+ का स्कोर कर चुके हैं। यह भी एक रिकॉर्ड है। उन्होंने इस मामले में हमवतन विराट कोहली को पीछे छोड़ा। उनके नाम सबसे ज्यादा चार शतक भी हैं।

कोहली ने सुरेश रैना को पछाड़ा

वहीं टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली भारत के लिए आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय ट्वेंटी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने हमवतन सुरेश रैना को पीछे किया। विराट के अब कुल 8416 रन हो गए हैं वहीं सुरेश रैना के नाम 8392 रन दर्ज है। 

रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी भी रही हिट

टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। यह दसवां मौका था जब इस जोड़ी ने अंतरराष्ट्रीय टी-20 में अर्धशतकीय साझेदारी की। इनसे आगे अभी सिर्फ मार्टिन गुप्टिल और केन विलियमसन की जोड़ी ही है जिन्होंने साथ में 11 बार अर्धशतकीय साझेदारी की है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad