Advertisement

भाजपा की गलत नीतियों के कारण ही बढ़ रही है बेरोजगारी: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर किया करारा हमला

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की ‘‘दोषपूर्ण...
भाजपा की गलत नीतियों के कारण ही बढ़ रही है बेरोजगारी: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर किया करारा हमला

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की ‘‘दोषपूर्ण आर्थिक नीतियों’’ के कारण हर घर की आय में कमी आई है और देश में बेरोजगारी बढ़ी है।

उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को लेकर केंद्र पर भी हमला बोलते हुए कहा कि इसका अर्थव्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।

बता दें कि रसोई गैस एलपीजी की कीमतों में शनिवार को 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई, जो अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा दरों में मजबूती के बाद महज छह सप्ताह में दरों में दूसरी वृद्धि है।

यादव ने एक बयान में कहा कि महंगाई हर दिन बढ़ रही है और अच्छे दिन का सपना दिखाने वाली भाजपा के शासन में आम आदमी खुद को बिखरा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले पेट्रोल, डीजल, सीएनजी के दाम बढ़े थे, लेकिन अब दवाएं, खाद्य पदार्थ और परिवहन भी महंगा हो गया है।

यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई का एक और प्रभाव यह है कि बड़ी संख्या में बच्चों के माता-पिता फीस नहीं दे पा रहे हैं जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि "भाजपा सरकार की दोषपूर्ण आर्थिक नीतियों के कारण, हर घर की आय में कमी आई है, बेरोजगारी बढ़ रही है, व्यवसाय ठप हो गए हैं। सत्ताधारी दल ने देश को एक अंधकारमय भविष्य की ओर धकेल दिया है।"

एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि का जिक्र करते हुए यादव ने कहा कि एक बार फिर घरेलू गैस सिलेंडर 50 रुपये महंगा हो गया है और सिलेंडर की कीमत 1,000 रुपये को पार कर गई है।

यादव ने कहा कि जिस तरह से घरेलू गैस की कीमतें बढ़ रही हैं, उसका अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ रहा है और बजट गड़बड़ा रहा है। यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा की दोषपूर्ण नीतियों के कारण गरीब अब गरीबी के दलदल में और गहरे डूब जाएंगे, जबकि उनके पूंजीवादी दोस्त और अमीर हो जाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad