Advertisement

शिवपाल 11 मार्च के बाद बनाएंगे अपनी पार्टी

समाजवादी पार्टी (सपा) में सत्ता परिवर्तन के बाद हाशिये पर पहुंचे वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव नई पार्टी बनाएंगे। शिवपाल ने जसवंतनगर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद नुमाइश पंडाल में आयोजित जनसभा में एलान किया कि वह 11 मार्च के बाद नई पार्टी बनाएंगे। इसी तारीख को विधानसभा चुनाव के नतीजे भी आएंगे।
शिवपाल 11 मार्च के बाद बनाएंगे अपनी पार्टी

उन्होंने सपा अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तंज करते हुए कहा कि आप (अखिलेश) देख लेना कि 11 मार्च के बाद आप सरकार बना लो। हम 11 मार्च के बाद पार्टी बनाएंगे। हम पांच साल से मेहनत कर रहे हैं, आखिर हम कहां जाएं।

सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा निकाले गए या बागी हुए उन समाजवादी नेताओं के पक्ष में प्रचार करेंगे, जो चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग किन्हीं कारणवश सपा से अलग हो गए हैं, उन्हें अपनी नई पार्टी में शामिल करेंगे।

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव द्वारा सपा-कांग्रेस गठबंधन का विरोध करते हुए सपा नेताओं से कांग्रेस की सीटों पर चुनाव लड़ने के आवान के बाद शिवपाल का नया एलान अखिलेश के लिए चुनावी गणित के लिहाज से मुश्किलें खड़ी कर सकता है। शिवपाल ने कहा मैं हमेशा नेताजी के साथ रहूंगा लेकिन उनका अपमान बिल्कुल नहीं सहूंगा। मुझे अपने अच्छे कामों की सजा मिली है। जिन लोगों ने गड़बडि़यां की उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हाथरस में अपनी चुनावी रैली में शिवपाल की तरफ इशारा करते हुए कहा कि अच्छा हुआ कि साइकिल उनके हाथ में आ गई है। जो भी लोग भितरघात कर रहे थे, वे साथ नहीं रह सकते। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad