Advertisement

पंजाब चुनाव: सीएम चन्नी के 'यूपी-बिहार के भईया' वाले बयान पर सियासी घमासान, विपक्षी नेताओं ने घेरा

पंजाब में होने वाले विधानसभा को लेकर राज्य के रूपनगर में चुनावी रैली के दौरान सूबे के मुख्यमंत्री...
पंजाब चुनाव: सीएम चन्नी के 'यूपी-बिहार के भईया' वाले बयान पर सियासी घमासान, विपक्षी नेताओं ने घेरा

पंजाब में होने वाले विधानसभा को लेकर राज्य के रूपनगर में चुनावी रैली के दौरान सूबे के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा यूपी और बिहार के लोगों के खिलाफ दिए बयान के बाद सियासी घमासान छिड़ गया है। उनके इस बयान को लेकर विपक्षी पार्टियां हमलावर हो गई हैं।

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सीएम चन्नी के साथ-साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा है। अमित मालवीय ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक ट्वीट करते हुए कहा कि मंच से पंजाब के मुख्यमंत्री यूपी, बिहार वालों को अपमानित करते हैं और प्रियंका वाड्रा बगल में खड़ी होकर हंस रही हैं। तालियां बजा रही हैं। उन्होंने सवाल पूछा कि क्या ऐसे कांग्रेस देश और यूपी का विकास करेगी? लोगों को आपस में लड़ाकर?

 

बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर लिखा, पंजाब के कांग्रेसी सीएम ने शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में यूपी व बिहार के लोगों का जिस प्रकार से अपमान किया है वह अति शर्मनाक है। ऐसे में इन दोनों राज्यों के लोग कांग्रेस को पंजाब व यूपी में भी हो रहे विधानसभा आमचुनाव में जरूर सबक सिखाएं। बिहार के लोग भी इसका जरूर उचित संज्ञान लें।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, यह बहुत शर्मनाक है। किसी भी व्यक्ति या खास समुदाय को निशाना बनाकर की गई टिप्पणियों की हम निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी भी यूपी से ताल्लुक रखती हैं तो वह भी 'भइया' हुईं।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट कर कहा, आख़िर किस मुंह से प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की जनता से आशीर्वाद मांग रही हैं? चन्नी जी यूपी बिहार के लोगों पर अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं और प्रियंका जी तालियां बजा रही हैं, खुशी मना रही हैं। ठीक से पहचानिए, ये वही लोग हैं जो भारत की अखंडता पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहे हैं।

 

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, 'चन्नी जी, आपने ये जो बिहार, यूपी और दिल्ली के लोगों के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। मैं इसकी निंदा करता हूं। हर पूर्वांचली पंजाब को प्यार करता है लेकिन आपकी इस छोटी सोच के बाद ये सवाल उठता है कि उत्तर प्रदेश में आपकी प्रियंका दीदी कैसे प्रचार करेंगी? कैसे यूपी में वोट मांगेंगी? ये कांग्रेस की वही सोच है कि फूट डालो और राज करो.'

मुख्यमंत्री चन्नी के बयान की बिहार के मंत्री संजय झा ने भी निंदा की। उन्होंने कहा, यह शर्मनाक बयान है। मैं इसकी निंदा करता हूं, जहां भी बिहार और यूपी के लोग जाते हैं, वे वहां अपनी मेहनत से जगह बनाते हैं और उस राज्य के विकास में योगदान देते हैं।

दरअसल, प्रियंका को पंजाब की बहू बताकर चन्नी रोड शो के दौरान इतना उत्साहित हो गए कि उन्होंने विवादित बयान दे दिया। उन्होंने यहां तक कह दिया कि पंजाब, पंजाबियों का है इसलिए यूपी और बिहार के भईये को पंजाब में फटकने नहीं देना है। चन्नी के इस बयान के बाद प्रियंका गांधी हाथ उठाकर ताली बजाने लगती हैं। इसका वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है, जिस पर विपक्षी पार्टियों ने जमकर हमला बोला है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad