Advertisement

स्वामी ने अगस्ता मामले में सोनिया का जिक्र किया बिफर गए कांग्रेसी

अगस्तावेस्टलैंड हेलीकाॅप्टर सौदा रिश्वत मामले में आज राज्यसभा में मनोनीत सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष का नाम लिए जाने पर सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस सदस्यों के बीच तीखी तकरार हुई और सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
स्वामी ने अगस्ता मामले में सोनिया का जिक्र किया बिफर गए कांग्रेसी

बहरहाल, उप सभापति पी जे कुरियन ने बाद में कार्यवाही से कांग्रेस प्रमुख का नाम निकाल दिया। स्वामी ने नियम 267 के तहत दिए गए एक नोटिस के माध्यम से अगस्तावेस्टलैंड हेलीकाॅप्टर सौदा रिश्वत मामले का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इटली के उच्च न्यायालय में एक पत्र के माध्यम से, इस सौदे के बिचौलिये क्रिश्चियन मिशेल ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष इस सौदे की मुख्य लाभार्थी हैं।

स्वामी ने कांग्रेस अध्यक्ष का जैसे ही नाम लिया, विपक्षी दल कड़ी आपत्ति जताते हुए आसन के समक्ष आ गए और नारे लगाने लगे। कुछ सदस्यों को सत्ता पक्ष की बेंचों का रूख कर नारे लगाते और उत्तेजित हो कर हवा में अपनी मुट्ठियां लहराते हुए देखा गया। सत्ता पक्ष के सदस्य भी कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए नारे लगाने लगे। सदन में अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका के चलते कुछ मार्शल आसन के समक्ष आए और सत्ता पक्ष तथा विपक्षी सदस्यों के बीच खड़े हो कर उन्हें दूरी रखने के लिए इशारा करते देखे गए। उप सभापति पी जे कुरियन ने सदस्यों से शांत रहने और कार्यवाही चलने देने को कहा लेकिन सदन में व्यवस्था बनते न देख उन्होंने 11 बज कर 25 मिनट पर बैठक को दस मिनट के लिए स्थगित कर दिया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad