Advertisement

हरियाणा में 2 मंत्रियों और 7 विधायकों के टिकट कटे, भाजपा का 78 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के 78 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। भाजपा...
हरियाणा में 2 मंत्रियों और 7 विधायकों के टिकट कटे, भाजपा का 78 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के 78 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। भाजपा ने मंत्री राव नरवीर सिंह का टिकट काट कर उनकी जगह बादशाहपुर से प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष मनीष यादव को टिकट दिया है। वहीं, फरीदाबाद से केबिनेट मंत्री विपुल गोयल का भी टिकट कट गया है। चर्चा है कि दोनों कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। सात मौजूदा विधायकों के टिकट नहीं मिला है जबकि 38 विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया है। कुल 78 विधायकों में 40 उम्मीदवार इस बार नए हैं जो चुनाव मैदान में ताल ठोकेंगे। उम्मीदवारों में 9 महिलाएं हैं और 2 मुस्लिम उम्मीदवारों को भी पार्टी ने मैदान में उतारा है।

गुज्जर से छत्तीस का आंकड़ा भारी पड़ा

फरीदाबाद से केबिनेट मंत्री विपुल गोयल का टिकट काट दिया गया है। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुज्जर से गोयल का 36 का आंकड़ा आखिर विपुल गोयल पर ही भारी पड़ गया। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में गोयल व गुज्जर एक दूसरे से भिड़ गए थे। वहीं, गुरुग्राम से लगती चार में से 3 विधानसभाओं के मौजूदा विधायकों के टिकट कट गए हैं। पटौदी से राव इंद्रजीत की खास विधायक बिमला चौधरी का टिकट काट कर प्रदेश प्रवक्ता सत्यप्रकाश जरावत को दिया गया है तो सोहना के मौजूदा विधायक तेज पाल तंवर का टिकट काट कर मेवात के संजय सिंह को दिया गया है। कैबिनेट मंत्री राव नरवीर का टिकट काट कर यूथ भाजपा अध्यक्ष मनीष यादव को दिया गया है। राव नरवीर 2014 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे लेकिन फिर से कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं।

चुनावी दंगल में तीन खिलाड़ी भी

हरियाणा भाजपा के प्रभारी डा.अनिल जैन ने आउटलुक को बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल सीट से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने इस बार तीन मशहूर खिलाड़ियों को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया है। योगेश्वर दत्त-बडोदा (सोनीपत जिला), संदीप सिंह-पिहोवा (कुरुक्षेत्र) और बबीता फोगाट को दादरी से टिकट दिया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद चौधरी बीरेंद्र सिंह की पत्नी और हिसार से लोकसभा सांसद विजेंदर सिंह की मां प्रेमलता को उचाना कला से टिकट दिया गया है। प्रेमलता उचाना कला से ही मौजूदा विधायक हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दावा किया है कि भाजपा फिर से राज्य में सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष विभाजित है और उनकी पार्टी कुल 90 में से 75 सीटों पर जीत हासिल करेगी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad