Advertisement

शीला होंगी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार

उत्तर प्रदेश में शीला दीक्षित कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार होंगी। राज बब्बर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद सौंपने के दो दिन बाद पार्टी ने आज शीला दीक्षित को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया।
शीला होंगी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार

यही नहीं पार्टी ने संजय सिंह की अध्यक्षता में राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समिति की भी घोषणा कर दी है। इसके अलावा चुनाव के लिए समन्वय समिति की कमान राज्य में पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी को सौंपी गई है। इस समिति में रीता बहुगुणा जोशी, सलमान खुर्शीद, राजीव शुक्ला, पी.एल. पुनिया और श्री प्रकाश जायसवाल को भी शामिल किया गया है। कांग्रेस इस बार उत्तर प्रदेश में पूरे दम-खम से चुनाव लड़ना चाहती है और इसलिए आजमाए हुए वरिष्ठ नेताओं पर दांव लगा रही है।

पार्टी के राज्य प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने आज दिल्ली में मीडिया के सामने यह सारी घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित को दिल्ली में उनके अच्छे कामों और अनुभव का लाभ मिला है। वैसे जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव में प्रियंका गांधी क्या भूमिका निभाएंगी तो उन्होंने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। वैसे आजाद ने यह जरूर कहा कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कांग्रेस में दुर्लभ है और अपवाद स्वरूप ही ऐसा किया जाता है।

शीला दीक्षित उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत उमाशंकर दीक्षित की बहु हैं और खुद भी दिल्ली में लगातार तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। हालांकि हाल के दिनों में उनके खिलाफ दिल्ली जलबोर्ड के टैंकर घोटाले के आरोप मीडिया में उछल रहे हैं और दिल्ली के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने इस बारे में उन्हें नोटिस भी जारी किया है मगर आज मीडिया के सामने इस बारे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनार्दन द्विवेदी ने कहा कि यह सारे आरोप राजनीति से प्रेरित हैं और इनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad