Advertisement

कांग्रेस की पहली सूची में कई नए चेहरे

पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने काफी जद्दोजहद के बाद 61 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें जालंधर जिले की नौ विधानसभा सीटों में से केवल एक सीट के लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा हुई है। जालंधर के नौ में से जालंधर केंद्रीय विधानसभा के लिए पार्टी ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) राजिंदर बेरी को उम्मीदवार बनाया है। बाकी आठ विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान अभी नहीं हुआ है।
कांग्रेस की पहली सूची में कई नए चेहरे

प्रदेश कांग्रेस के अनुसार 61 उम्मीदवारों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह, मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे और पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुनील जाखड़ का नाम भी शामिल है। जालंधर केंद्रीय विधानसभा से बेरी ने पिछला चुनाव भी लड़ा था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के मनोरंजन कालिया से वह एक हजार से कुछ अधिक मतों से हार गए थे। भाजपा ने अभी अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है, जबकि आम आदमी पार्टी ने इस सीट से शहर के एक चिकित्सक डा. संजीव शर्मा को मैदान में उतारा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो जालंधर छावनी, फिल्लौर, करतारपुर, नकोदर, जालंधर पश्चिम तथा जालंधर उत्तर विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों का चयन आसान नहीं है क्योंकि इनमें से कुछ सीटों पर पार्टी के पुराने दिग्गजों के बीच तथा अकाली दल से आये नेताओं के बीच टिकट के लिए घमासान मचा है।

पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे मनप्रीत सिंह बादल बठिंडा शहरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वह कुछ महीनों पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे। संगरूर से पूर्व सांसद विजय इंदर सिंगला संगरूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी की पंजाब इकाई के उपाध्यक्ष सुनील जाखड़ अबोहर से चुनावी मैदान में उतरेंगे। वह अबोहर से ही विधायक हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल लहरा विधानसभा क्षेत्र और विधायक दल के नेता चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब (एससी)  से चुनाव लड़ेंगे। चन्नी चमकौर साहिब से ही विधायक हैं।

राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी कांग्रेस के टिकट पर गुरु हर सहाई से चुनाव में उतरेंगे, जबकि पूर्व मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा को फतेहगढ़ चूड़ियां सीट से मैदान में उतारा गया है। हाई प्रोफाइल मजीठिया विधानसभा क्षेत्र से टिकट सुखजिंदर राज सिंह लल्ली मजीठिया को दिया गया है जबकि राणा गुरजीत सिंह कपूरथला से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व आईएएस अधिकारी एवं पूर्व मोगा उपायुक्त कुलदीप सिंह वैद को गिल (सुरक्षित) विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है।

एक परिवार, एक उम्मीदवार नियम के तहत तीन मौजूदा विधायकों को बदला गया है।

राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा की पत्नी चरणजीत कौर बाजवा की जगह प्रताप के भाई फतेह जंग सिंह बाजवा को कादियां विधानसभा सीट, नवांशहर से मौजूदा विधायक गुर इकबाल कौर बबली की जगह उनके भाई अंगद सैनी को चुनाव में उतारा गया है। 25 वर्षीय सैनी कांग्रेस सूची में सबसे युवा उम्मीदवार हैं। युवा कांग्रेस नेता दलवीर सिंह गोल्डी को सिमरजीत सिंह बरनाला की जगह धुरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव में उतारा गया है। बरनाला इससे पहले हुए उपचुनाव में असफल रहे थे। रायकोट सुरक्षित सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष अमर सिंह हैं। पार्टी के मौजूदा विधायक केवल सिंह ढिल्लों बरनाला सीट, अश्विनी सेखड़ी बटाला और सुखजिंदर सिंह रंधावा डेरा बाबा नानक से चुनाव लड़ेंगे।

राणा गुरजीत सिंह कपूरथला, रमनजीत सिंह सिक्की खडूर साहिब, हरमिंदर सिंह गिल पट्टी, धरमवीर अग्निहोत्री तरनतारन, पूर्व महापौर ओम प्रकाश सोनी अमृतसर मध्य, राज कुमार वेरका अमृतसर पश्चिम (एससी) और सुखविंदर सिंह डैनी जंडियाला (एससी) सीट से चुनाव लड़ेंगे।

छह में से चार महिलाओं को फिरोजपुर ग्रामीण से सतकार कौर, महल कलां से हरचंद कौर मौजूदा विधायक, बुढलाडा से रणजीत कौर भट्ठी, दीना नगर से मौजूदा विधायक अरूणा चौधरी को सुरक्षित निर्वाचन सीटों से चुनाव में उतारा गया है। मैदान में इसके अलावा दो अन्य महिलाएं मलेरकोटला से रजिया सुल्तान और लेहरा से मौजूदा विधायक राजिंदर कौर भट्ठल को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष इंदरजीत सिंह जीरा के बेटे कुलबीर सिंह जीरा को जीरा से चुनावी मैदान में उतारा है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad