Advertisement

बंगाल चुनाव: मोदी ने ममता, वाम और कांग्रेस पर लगाया सांठगांठ का आरोप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल में कांग्रेस-वाममोर्चा गठबंधन पर करारा प्रहार किया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि उनकी इन दोनों दलों से सांठगांठ है और यह राज्य के गौरव को खत्म कर रही है।
बंगाल चुनाव: मोदी ने ममता, वाम और कांग्रेस पर लगाया सांठगांठ का आरोप

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने ममता और वाममोर्चा पर आरोप लगाया कि ममता और वाममोर्चा की दिलचस्पी बंगाल के कल्याण या भविष्य में नहीं है। उन्होंने लोगों से तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए वोट देने और राज्य में विकास के लिए भाजपा को मौका देने की अपील की। पश्चिम बंगाल के गौरवमयी इतिहास को याद करते हुए मोदी ने कहा, स्वतंत्रता के बाद कांग्रेस, वाम मोर्चा और अब दीदी (ममता) सभी ने बंगाल की बर्बादी की तस्वीर पेश की। चाहे वाम हो या दीदी हो, ये दोनों आपके भविष्य को सुरक्षित नहीं कर सकते हैं। वे आपके भविष्य को सुरक्षा प्रदान नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा, वह विकास के बारे में बात नहीं करते हैं। बलात्कार, भ्रष्टाचार और हिंसा के मुद्दों पर वाम और दीदी एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में लगे हैं। बंगाल को इनसे कौन बचाएगा।

 

मोदी ने कहा कि बंगाल ने इन दोनों के कामों और दानवी स्वरूप को देखा है। ऐसे लोगों को बंगाल की सरकार से हटाकर घर भेजें। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और वाममोर्चा ने गठबंधन बनाया है। तृणमूल कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ रही है और भाजपा चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबला बना रही है। मोदी ने ममता बनर्जी पर प्रधानमंत्री द्वारा बुलाई गई बैठकों में हिस्सा नहीं लेने के लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके पास ममता इन बैठकों में हिस्सा लेने के लिए समय नहीं है लेकिन जब भी वह दिल्ली में होती हैं तब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलती हैं। हम इसका कारण नहीं समझ पा रहे हैं।

 

इससे पहले बीरपाड़ा में ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने परिवर्तन का नारा दिया और लोगों को भ्रमित किया। वे मां, माटी, मानुष की बात करती हैं लेकिन यहां केवल मौत और मनी दिख रहा है। नारद के स्टिंग ऑपरेशन से यह बात सामने आई है। हाल में कोलकाता में फ्लाईओवर गिरने की घटना को लेकर ममता की आलोचना करते हुए मोदी ने कहा कि इस घटना को लेकर तत्काल राहत कार्य शुरू करने और लोगों को बचाने की बजाए, उन्होंने आरोप लगाना शुरू कर दिया। पहला काम उन्होंने जो किया वह यह कि फ्लाईओवर का अनुबंध देने का आरोप वाममोर्चा पर लगाया। लेकिन अगर फ्लाईओवर पूरा हो गया होता तब क्या वह वाममोर्चा को बधाई देतीं।

 

पीएम ने कहा, जब उन्होंने सरकार का कार्यभर संभाला तब एेसा लगा कि वामदलों के कुशासन के बाद वह बंगाल को सही दिशा में ले जाने का प्रयास करेंगी। लेकिन उन्होंने केवल वामदलों की विरासत को आगे बढ़ाया और राज्य को और बर्बादी की ओर ले गईं। मोदी ने कहा कि राज्य को विकास के पथ पर आगे ले जाने की बजाए तृणमूल कांग्रेस और वामदल दोनों बलात्कार, भ्रष्टाचार, बम बनाने जैसे मुद्दों पर एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप में लगे हुए हैं। उन्होंने रैली में उपस्थित लोगों से कहा, आपका भविष्य तृणमूल कांग्रेस और वामदलों के हाथों में सुरक्षित नहीं है। करोड़ों रूपये के सारदा चिटफंड घोटाले का भी जिक्र करते हुए उन्होंने लोगों से भाजपा को एक मौका देने की अपील की।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad