Advertisement

वर्तमान स्वरूप में जीएसटी बिल मंजूर नहीं : कांग्रेस

कांग्रेस को जीएसटी विधेयक वर्तमान स्वरूप में स्वीकार्य नहीं है किंतु पार्टी इस मामले में सतर्कतापूर्ण ढंग से आगे बढ़ेगी ताकि उसे इस महत्वपूर्ण कर सुधार उपाय के विरोधी के रूप में नहीं देखा जाए। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी सांसदों की एक महत्वपूर्ण बैठक में तय किया गया कि जीएसटी विधेयकों के बारे में जनता की चिंताओं को उठाया जाए और आवश्यक संशोधन के लिए कहा जाए।
वर्तमान स्वरूप में जीएसटी बिल मंजूर नहीं : कांग्रेस

सूत्रों के अनुसार राहुल ने सांसदों से कहा कि वे सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएं और उन्हें जीएसटी विधेयकों के खिलाफ नहीं दिखना चाहिए। उन्होंने पार्टी सांसदों से कहा कि वे संकट में घिरे किसानों का मुद्दा संसद में उठाएं और कृषि ऋण की मांग करें।

लोकसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सुझाव दिया कि पार्टी को इस महत्वपूर्ण कर सुधार कानून का विरोध करते हुए नहीं दिखाई देना चाहिए क्योंकि संप्रग सरकार के शासनकाल में ही कर ढांचे के सरलीकरण के लिए जीएसटी विधेयक की पहल की गई थी। यह बैठक करीब आधे घंटे तक चली और इसमें लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी भाग लिया।

 

बैठक के बाद राहुल ने इस बैठक तथा पार्टी संगठन में होने वाले संभावित बदलाव के बारे में किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी संगठन में बदलाव के कयास लगाए जा रहे हैं। उप्र विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार राहुल की पार्टी सांसदों के साथ यह बैठक थी। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad