Advertisement

गोवाः प्रियंका गांधी का TMC-AAP पर निशाना, कहा- बाहरी लोग आपके प्रदेश में नहीं कर सकते शासन

गोवा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को कहा कि केवल उनकी पार्टी ही गोवा में एक...
गोवाः प्रियंका गांधी का TMC-AAP पर निशाना, कहा- बाहरी लोग आपके प्रदेश में नहीं कर सकते शासन

गोवा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को कहा कि केवल उनकी पार्टी ही गोवा में एक स्थिर सरकार देने के साथ राज्य की प्रगति सुनिश्चित कर सकती है। आज गोवा की सबसे बड़ी ज़रूरत ये है कि गोवा फिर से गोवा के लोगों के हाथों में आए। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जैसे बाहरी इस तटीय राज्य पर शासन नहीं कर सकते क्योंकि उनका मकसद केवल अपना आधार बढ़ाना है।  

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि एक ऐसी अस्थिर सरकार जो लगातार खुद को बचाने की कोशिश कर रही है, वह स्थिरता प्रदान नहीं कर सकती।  प्रियंका गांधी ने सत्तारूढ़ भाजपा पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और युवाओं को रोजगार मुहैया कराने में विफल रहने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''जब तक हमारे पास एक स्थिर सरकार नहीं है, तब तक तरक्की करना असंभव है। लगातार खुद को बचाने का प्रयास कर रही एक अस्थिर सरकार आपको विकास नहीं दे सकती।''

कांग्रेस महासचिव ने विकास की बातों पर चर्चा करने पर जोर देते हुए कहा कि गोवा में बेरोजगारी दर भारत में दूसरे स्थान पर है जबकि इस तटीय राज्य में सर्वोत्तम संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना कहा, ''जिस पार्टी ने पांच साल तक गोवा पर शासन किया है, उसे आपको बताना चाहिए कि उन्होंने बेरोजगारी के मोर्चे पर क्या किया? उन्हें बताना चाहिए कि गोवा में इतने सारे छोटे और मध्यम व्यवसाय बंद होने की कगार पर क्यों हैं।''

कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर गोवा में उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो सरकारी कोष से 500 करोड़ रुपये रोजगार सृजन के लिए जारी किए जाएंगे और सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 फीसदी आरक्षण मिलेगा। 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले गोवा के नुवेम में एक जनसभा को संबधित करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकारी नौकरियों के आवंटन में होने वाले ‘घोटालों’ पर लगाम लगाने के लिए एक कर्मचारी चयन आयोग का गठन किया जाएगा।

बता दें कि गोवा में 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद 40 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, हालांकि, भाजपा गठबंधन सरकार बनाने में सफल रही।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad