Advertisement

भाजपा सांसद ने सोनिया गांधी को पूतना बताया

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने की एक और घटना में भाजपा सांसद अश्विनी कुमार चौबे ने उन्हें पौराणिक पात्र राक्षसी पूतना बताया और राहुल गांधी को तोता कहा।
भाजपा सांसद ने सोनिया गांधी को पूतना बताया

उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद पर भी हमला करते हुए कहा कि उन्होंने गांधी के साथ इस बात को नहीं जानते हुए गठजोड़ किया है कि वे पूतना द्वारा दिए गए जहर से मरेंगे। पौराणिक कथा के अनुसार कंस ने पूतना को भगवान कृष्ण की धाय मां बनाकर भेजा था ताकि वह कृष्ण को विष दे सके।

बिहार के पूर्व मंत्री और बक्सर से भाजपा के सांसद ने कांग्रेस उपाध्यक्ष को तोता बताया, जो 10 साल तक संप्रग शासन के दौरान मौन रहने के बाद दूसरे की लिखी पटकथा के आधार पर भाजपा के खिलाफ बोल रहे हैं। चौबे का बयान उनकी ही पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा गत अप्रैल में कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ की गई नस्ली टिप्पणी के समान है। सिंह ने बाद में अपना बयान वापस ले लिया था जब पार्टी  अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें फटकार लगाई थी।

नवादा जिले के राजौली में भाजपा कार्यकर्ताओं को कल रात संबोधित करते हुए चौबे ने लालू और नीतीश को रंगा-बिल्ला बताया, जो बिहार में भाजपा को सत्ता में आने से रोकने में सक्षम नहीं होंगे। इस बीच, कांग्रेस ने अपने नेताओं के खिलाफ चौबे द्वारा अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताई है।

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी ने प्रेस ट्रस्ट से कहा कि भाजपा सांसद द्वारा सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल भाजपा और आरएसएस के संस्कार को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी करके चौबे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रभावित करना चाहते हैं ताकि केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह पा सकें।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad