Advertisement

महाराष्‍ट्र के बाद गुजरात चुनाव में भी भाजपा का जलवा, पीएम मोदी ने सराहा

भाजपा को महाराष्ट्र के नगर पालिका और नगर परिषद के चुनाव में भारी सफलता मिलने के बाद गुजरात के स्‍थानीय निकायों के चुनाव में भी बंपर जीत मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के इस प्रदर्शन की मुक्‍तकंठ सराहना की है। उन्‍होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में लोकसभा, विधानसभाओं और स्थानीय निकायों के चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन दर्शाता है कि लोग सर्वांगीण विकास चाहते हैं और वे भ्रष्टाचार एवं कुशासन बर्दाश्त नहीं करेंगे।
महाराष्‍ट्र के बाद गुजरात चुनाव में भी भाजपा का जलवा, पीएम मोदी ने सराहा

उन्होंने लिखा, चाहे पूर्वोत्‍तर हो, या पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, महाराष्‍ट्र या गुजरात, भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं लोगों को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि देशभर के ये नतीजे दर्शाते हैं कि लोेग सर्वांगीण प्रगति चाहते हैं और वे भ्रष्टाचार एवं कुशासन को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

भाजपा ने हाल ही में असम और मध्यप्रदेश में एक-एक लोकसभा सीट :उपचुनाव में: जीती एवं मध्यप्रदेश, गुजरात एवं अरूणाचल प्रदेश में कई विधानसभा सीटें :उपचुनाव में: जीती। पार्टी महाराष्‍ट्र एवं गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में विजयी होकर उभरी। नोटबंदी के बाद गुजरात के निकाय चुनाव और पंचायतों के उपचुनाव में भाजपा को भारी जीत मिली है। पूरे राज्य में हुए निकाय चुनाव के वोटों की गिनती अभी जारी है। 

गुजरात के वलसाड के वापी नगर पालिका की 44 सीटों में सभी के नतीजे आ गए हैं, जिनमें 41 सीटों पर भाजपा की जीत हुई है, जबकि सिर्फ तीन सीटों पर ही कांग्रेस खाता खोल पाई है। सूरत की कनकपुर कनसाड नगर पालिका की 28 सीटों में से 20 सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं। इनमें से 19 सीटों पर भाजपा को जबकि 1 सीट पर कांग्रेस के जीत हासिल हुई है।

इसके साथ ही गुजरात के राजकोट के गोंडल तालुका पंचायत में 22 सीटों के लिये चुनाव हुआ। जिसमें से अबतक 12 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं। जिसमें से 11 सीटों पर भाजपा को जीत हासिल हुई तो वहीं कांग्रेस के खाते मे सिर्फ एक सीट गई।

महाराष्ट्र के नगर पालिका और नगर परिषद के चुनाव के परिणाम भाजपा-शिवसेना के पक्ष में आए हैं। कुल 147 सीटों में भाजपा 52, शिवसेना 24, कांग्रेस 21, एनसीपी 22 और अन्य को अभी तक 28 सीटें मिली हैं। 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad