Advertisement

जश्न मनाने पैदल भाजपा मुख्यालय पहुंचे मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद आज राजधानी दिल्ली के लुटियन क्षेत्र में अशोक रोड पर कुछ दूरी पैदल चलकर भाजपा मुख्यालय पहुंचे। मोदी ने इस दौरान उत्साही पार्टी कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन भी स्वीकार किया।
जश्न मनाने पैदल भाजपा मुख्यालय पहुंचे मोदी

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का कल नतीजा आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए थे। प्रधानमंत्री मोदी का काफिला जब ली मेरेडियन होटल के पास स्थित अशोक रोड गोलचक्कर पर पहुंचा तब सड़क किनारे बड़ी संख्या में खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका अभिवादन किया।

मोदी गोलचक्कर से कुछ दूर अपनी कार से उतरे और भाजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा मुख्यालय की ओर पैदल ही चल पड़े। अपने सुरक्षाकर्मियों से घिरे मोदी ने अपने समर्थकों की ओर हाथ हिलाया। मोदी-मोदी के नारों के बीच प्रधानमंत्री मोदी पर फूलों की पखुडि़यों की वर्षा की जा रही थी।

प्रधानमंत्री के रोडशो के मद्देनजर अशोक रोड पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया था। इसके लिए एनएसजी कमांडो के अलावा दिल्ली पुलिस, सीआईएसएफ और बीएसएफ के सैकड़ों जवानों की तैनाती की गई थी। भाजपा मुख्यालय में आज वरिष्ठ पारी पदाधिकारी, संसदीय बोर्ड के सदस्य, अनेक केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित थे। पार्टी मुख्यालय में आज संसदीय बोर्ड की भी बैठक हुई। इस दौरान पार्टी के राष्टीय अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद थे।

भाजपा कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय के बाहर ढोल की थाप पर नाच गान कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराए और वे हर-हर मोदी, घर-घर मोदी के नारे लगा रहे थे। भाजपा मुख्यालय के भीतर पहुंचने पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री की आगवानी की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने पार्टी मुख्यालय में दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया। 

भाजपा समर्थकों ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में पार्टी की जीत का जश्न मनाने के लिए एकदूसरे पर गुलाल फेंका। वे रंगबिरंगे गुब्बारों के साथ आए थे।

भाजपा मुख्यालय के बाहर एकत्रित उन लोगों के लिए एक बड़ी एलसीडी स्क्रीन लगाई गई थी जो प्रधानमंत्री मोदी को सुनने के लिए जुटे। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad