Advertisement

विधानसभा चुनाव नतीजे: उत्तराखंड में 31 सीटों पर जीती भाजपा, खटीमा से हारे सीएम धामी

उत्तराखंड में सभी 70 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। प्रदेश में 14 फरवरी को हुए...
विधानसभा चुनाव नतीजे: उत्तराखंड में 31 सीटों पर जीती भाजपा, खटीमा से हारे सीएम धामी

उत्तराखंड में सभी 70 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। प्रदेश में 14 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 65 फीसदी से अधिक लोगों ने अपने मताधिकारों का प्रयोग किया था।उत्तराखंड की जनता ने किस दल को अगले पांच साल सरकार चलाने का जनादेश दिया है, इसका फैसला आज हो जाएगा। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड की पाचवीं निर्वाचित विधानसभा के लिए मतगणना जारी है। उत्तराखंड में कांग्रेस महासचिव और प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत लालकुआं सीट पर भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट से 7,085 मतों से पीछे चल रहे हैं।

चुनाव नतीजे लाइव-

6.30- राज्य में भाजपा ने 31 सीटों पर जीत हासिल की है और कुल 70 में से 16 सीटों पर आगे चल रही है।

5.35- उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी खटीमा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के अनुसार 6,579 मतों के अंतर से हार गए।

5.20- आधिकारिक चुनाव आयोग के रुझान के अनुसार भाजपा ने 20 सीटें जीतीं और 27 सीटों से आगे है, कांग्रेस ने 6 सीटें जीतीं और 13 सीटों से आगे है, बसपा ने 1 सीट जीता है और 1 सीट से आगे, निर्दलीय पार्टी 2 सीटे से आगे चल रही है।

4.45-  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज उत्तराखंड की जनता ने स्पष्ट कर दिया है और उनके समर्थन से राज्य में दो-तिहाई से भाजपा की जो सरकार बनी है, वह इस बात का प्रमाण है कि लोगों ने भाजपा को तरजीह दी है। लोगों ने आशीर्वाद देकर भाजपा की सरकार बनाई है।

3.50- कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि हमको जनता ने विपक्ष के रूप में भूमिका अदा करने का आदेश दिया है हम उसको पूरी निष्ठा से निभाएंगे। हमारे प्रयासों में जो कमी रही उसको मैं स्वीकार करता हूं। कैंपेन कमेटी का चेयरमैन होने के तौर पर मैं हार की पूरी ज़िम्मेदारी लेता हूं।

3.15- भारतीय जनता पार्टी  48 और कांग्रेस 18 सीटों पर आगे

3.00- उत्तराखंड: हरिद्वार शहर सीट से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक जीते उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी को लगभग 14,000 वोटों से हराया।

2.45- उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि मैं हरिद्वार की जनता का धन्यवाद करता हूं। हम प्रचंड बहुमत के साथ उत्तराखंड में सरकार बनाने जा रहे हैं। पुष्कर सिंह धामी हारेंगे नहीं, वे जीतेंगे।

10.35- भारतीय जनता पार्टी ने शुरुआती रुझानों में उत्तराखंड में बहुमत का आंकड़ा पार किया।

10.15- चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में उत्तराखंड में भाजपा-29 और कांग्रेस-20, बहुजन समाज पार्टी-2 और अन्य-2 सीटों पर आगे चल रही है।

9.38- चुनाव आयोग के अनुसार खटीमा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के पुष्कर सिंह धामी और लालकुआँ से कांग्रेस के हरीश रावत पीछे चल रहे हैं।

9.35- चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में उत्तराखंड में भाजपा-19 और कांग्रेस-12 सीटों पर, बहुजन समाज पार्टी-2 सीटों पर आगे चल रही है।

9.30- चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में उत्तराखंड में भाजपा-10 और कांग्रेस 6 सीटों पर आगे चल रही है।

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों के अलावा उत्तराखंड क्रांति दल, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवारों सहित कुल 632 उम्मीदवारों की राजनीतिक तकदीर का फैसला होगा।

इनमें विशेष रूप से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कांग्रेस महासचिव हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक और आप के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी कर्नल (सेवानिवृत्त)अजय कोठियाल की सीटों के चुनावी परिणामों पर सबकी निगाह रहेगी ।

यह देखना दिलचस्प होगा कि पिछले विधानसभा चुनावों में 70 में से 57 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जनादेश प्राप्त करने वाली भाजपा इस बार अपने 60 पार के लक्ष्य को हासिल कर पाती है या सत्ता विरोधी लहर पर सवार कांग्रेस सत्ता में वापसी करती है । हालांकि, त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में निर्दलीयों और छोटे दलों के प्रत्याशियों की पौ-बारह होने की संभावना है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad