Advertisement

कर्नाटक में 3 बजे तक 56 फीसदी लोगों ने डाले वोट, देवेगौड़ा, येदियुरप्पा ने किया मतदान

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को हो रहे मतदान में तीन बजे तक 56 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का...
कर्नाटक में 3 बजे तक 56 फीसदी लोगों ने डाले वोट, देवेगौड़ा, येदियुरप्पा ने किया मतदान

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को हो रहे मतदान में तीन बजे तक 56 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया है। जिस तरह से मतदान केंद्रों पर वोटरों की कतारे लगी है उससे यह आसार है कि इस बार वोटिंग का आकंड़ा 2013 को पार कर जाएगा। पिछले चुनाव में राज्य के 70.23 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

भाजपा के मुख्‍यमंत्री पद के उम्‍मीदवार बीएस येदियुरप्‍पा ने शिकारपुर से अपना वोट डाला। वोट डालने से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर सहित कई प्रमुख लोग अभी तक वोट डाल चुके हैं। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने अपने निर्वाचन क्षेत्र चामुंडेश्वरी में जबकि लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कलबुर्गी के बासवानगर के बूथ नंबर 108 में वोट डाले। राज्य के पूर्व लोकायुक्त जस्टिस संतोष हेगड़े ने बेंगलूरू के एक बूथ पर वोट दिया। कुछ जगहों पर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्तां के बीच झड़प की भी खबर है।

प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा मुख्य मुकाबले में हैं हालांकि जद एस ने विधानसभा चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है।  विधानसभा की 224 सीटों में से 222 के लिए शनिवार को वोट डाले जा रहे हैं।

निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के राजाराजेश्वरी नगर विधानसभा सीट पर चुनाव टाल दिया है क्योंकि क्षेत्र में एक अपार्टमेंट से बड़ी तादाद में मतदाता पहचान पत्र बरामद हुए थे। इस सीट पर अब 28 मई को मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा भाजपा उम्मीदवार तथा निवर्तमान विधायक बीएन विजय कुमार के निधन के कारण बेंगलुरू के जयनगरा विधानसभा सीट पर मतदान नहीं हो रहा है। प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए 200 महिलाओं समेत कुल 2600 उम्मीदवार मैदान में है। 

वोट डालने के बाद येदियुरप्पा ने मौजूदा कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग सिद्धारमैया की सरकार से तंग आ चुके हैं। मैं लोगों से आग्रह करता हूं कि वे बाहर निकलें और वोट दें। 


देवेगौड़ा ने परिवार के साथ डाला वोट

पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस के नेता एचडी देवेगौड़ा ने हासन जिले के होलेनारसीपुरा के बूथ नंबर 244 में जाकर वोट डाला। उनके साथ उनकी पत्नी चेन्नमा देवेगौड़ा, बेटे एचडी रेवन्ना और परिवार के अन्य सदस्य थे। वोट देने के बा देवेगौड़ा ने उम्मीद जताई कि उनकी पार्टी राज्य में सरकार बना सकती है।


गौपूजा के बाद भाजपा प्रत्याशी ने किया मतदान

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के खिलाफ बादामी से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी बी श्रीमालू ने वोट डालने के पहले गौपूजा की। पूजा के दौरान उन्होंने भगवा वस्त्र पहन रखा था। गौपूजा करने के बाद वे अपने समर्थकों के साथ वोट डालने के लिए गए।

कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े

इस बीच, हंपी नगर के एक बूथ पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर है। भाजपा प्रत्याशी रवींद्र विजयनगर ने आरोप लगाया का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमारे पार्षद आनंद पर हमला किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की।

बेंगलूरू के डीसीपी रवि चाननवार ने बताया कि यह एक संवेदनशील बूथ है पर झड़प बूथ से सौ मीटर के दायरे से बाहर हुई है। हम मामले की जांच करने के बाद कार्रवाई करेंगे।

बेलगावी के एक बूथ पर कुछ समय के लिए उस वक्त हंगामे की स्थिति पैदा हो गई जब एक महिला ने अपना चेहरा दिखाने के लिए बुर्का हटाने से इनकार कर दिया। बाद में एक महिला अधिकारी ने एक कक्ष में ले जाकर उसकी पहचान की और उसे वोट डालने की अनुमति दी।

राज्य में 2,600 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 4.96 करोड़ से अधिक मतदाता उनके भाग्य का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में 2.52 करोड़ से अधिक पुरुष, करीब 2.44 करोड़ महिलाएं और 4,552 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। राज्य में 55,600 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शांत और निष्पक्ष मतदान के लिए 3.5 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। एक मोबाइल एप के जरिये पहली बार मतदाता मतदान केंद्रों पर कतार की स्थिति के बारे में भी जान पाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad