Advertisement

जानिए, कौन हैं देश के पांच राज्यों में नियुक्त किए गए नए राज्यपाल

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को देश के कई राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। इसके साथ...
जानिए, कौन हैं देश के पांच राज्यों में नियुक्त किए गए नए राज्यपाल

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को देश के कई राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश अरुणाचल प्रदेश में नए राज्यपाल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में नए उप-राज्यपाल को नियुक्त किया गया है।

 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यपाल मलिक को बिहार और अंडमान निकोबार के उपराज्यपाल प्रोफेसर जगदीश मुखी को असम का राज्यपाल नियुक्त किया है। वहीं, एडमिरल (सेवानिवृत्त) देवेंद्र कुमार जोशी को अंडमान निकोबार का उपराज्यपाल नियुक्त किया है, जो प्रोफेसर मुखी का स्थान लेंगे।

 

राष्ट्रपति ने ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) बीडी मिश्रा को अरुणाचल, बनवारी लाल पुरोहित को तमिलनाडु और गंगा प्रसाद को मेघालय का जिम्मा सौंपा है। इन सभी की नियुक्तियां कार्यभार संभालने के दिन से प्रभावी होंगी।

सत्यपाल मलिक- बिहार के नए राज्यपाल 

बिहार के नए राज्यपाल बने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यपाल मलिक मूलतः उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और बीजेपी के कद्दावर नेता माने जाते हैं। सत्यपाल मलिक ने पहली बार अलीगढ़ से लोकसभा का चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें 1998 में अलीगढ़ का सांसद चुना गया। सांसद रहने के बाद 20 फरवरी 2004 को सत्यपाल मलिक ने भाजपा का दामन थामा और तब से लेकर आज तक वो भाजपा के कद्दावर नेता बने रहे और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर तैनात थे। 

ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा - अरुणाचल प्रदेश के नए राज्यपाल

 

राष्ट्रपति ने अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा (रिटायर्ड) को नियुक्त किया है। 78 साल के बीडी मिश्रा एनएसजी (ब्लैक कैट कमांडो) के नायक रहे हैं। उन्होंने 1993 में अमृतसर में भारतीय एयरलाइन्स के विमान की हाइजैकिंग के सफल बचाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे 1962 में चीन से हुए युद्ध और 1971 की लड़ाई में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

प्रोफेसर जगदीश मुखी - असम के नए राज्यपाल  

 

असम के राज्यपाल नियुक्त किए गए प्रोफेसर जगदीश मुखी असम से पहले अंडमान और निकोबार के राज्यपाल रहे। वे दिल्ली की सरकार में वित्त, योजना और उच्च शिक्षा जैसे विभागों में काम कर चुके हैं।

बनवारी लाल पुरोहित- तमिलनाडु के नए राज्यपाल  

पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के निधन के बाद से राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहे तमिलनाडु में सरकार ने बनवारी लाल पुरोहित को राज्यपाल नियुक्त किया है। बनवारी लाल नागपुर लोकसभा सीट से चार बार सासंद रहे हैं, तीन बार कांग्रेस के टिकट पर और एक बार बीजेपी के टिकट पर। अभी तक तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव संभाल रहे थे।

गंगा प्रसाद - मेघालय के नए राज्यपाल

 

बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता गंगा प्रसाद को मेघालय का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। शुरु से ही जनसंघ के सदस्य रहे गंगा प्रसाद साल 1994 में पहली बार बिहार विधान परिषद के सदस्य निर्वाचित हुए थे और कुल 18 सालों पर बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे। गंगा प्रसाद बिहार बीजेपी के महामंत्री भी रह चुके हैं। वतर्मान में भी गंगा बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा, बिहार राज्य खाद्यान्न व्यवसायी संघ, अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन और अखिल भारतीय चौरसिया महासभा जैसे संगठनों में काफी सक्रिय हैं। 

एडमिरल (सेवानिवृत्त) देवेंद्र कुमार जोशी- अंडमान निकोबार के उप-राज्यपाल

एडमिरल देवेन्द्र कुमार जोशी को अंडमान निकोबार द्वीप समूह का उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया है। जोशी भारत के 21वें नौसेनाध्यक्ष रह चुके हैं। वह 31 अगस्त 2012 से 26 फरवरी 2014 तक इस पद पर रहे। इसी के साथ वह भारतीय नौसेना के 19वें भारतीय कमांडर भी रह चुके हैं। उन्होंने करीब 38 वर्षों तक भारतीय नौसेना के अलग-अलग पद पर अपनी सेवाएं दी। जोशी नौसेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल और युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।

अरुणाचल प्रेदश के नए राज्यपाल बीडी मिश्रा ने नई जिम्मेदारी मिलने पर कहा कि मुझे ये जिम्मेदारी मिली है, मेरा लक्ष्य है कि मैं संविधान की रक्षा करूं और कानून व्यवस्था बनाए रखूं। वहीं, बिहार के नए राज्यपाल सत्यपाल मलिन ने कहा कि मुझे दी गई जिम्मेदारी को मैं समझता हूं और उसे पूरा करने की कोशिश करूंगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad