Advertisement

मोदी सरकार के चार साल पर कांग्रेस मनाएगी "विश्वासघात दिवस"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार को केंद्र में बने चार साल होने जा रहे हैं। 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने...
मोदी सरकार के चार साल पर कांग्रेस मनाएगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार को केंद्र में बने चार साल होने जा रहे हैं। 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने प्राधानमंत्री पद की शपथ ली थी। पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के चार साल पूरा होने पर कांग्रेस ने 'विश्वासघात' करार देते हुए पोस्टर जारी किया है।

कांग्रेस मोदी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर 'ढोल की पोल खोल अभियान' शुरू करेगी। साथ ही कांग्रेस पार्टी 26 तारीख को 'विश्वासघात दिवस' के तौर पर मनाएगी।

मोदी सरकार के विश्वासघात का जनता के समक्ष पर्दाफाश करेगी कांग्रेस

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श करके फैसला किया है कि 26 मई दिवस को पार्टी विश्वासघात दिवस मनाएगी। मोदी सरकार के विश्वासघात का जनता के समक्ष पर्दाफाश किया जाएगा।' उन्होंने कहा कि 26 मई को सभी राज्यों की राजधानियों और जिला स्तरों पर धरने और प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

आज लोगों के बीच भय और अविश्वास की भावना: गहलोत

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि आज लोगों के बीच भय और अविश्वास की भावना है। लोगों का मोदी सरकार से विश्वास उठ गया है। देश में तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं लेकिन केंद्र को इसके बारे में कोई परवाह नहीं है। यह एक लूट है।

साथ ही, बुधवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए अशोक गहलोत और पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने केंद्र की मोदी सरकार पर कई आरोप लगाते हुए घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा और नरेन्द्र मोदी ने देश के किसानों, युवाओं, व्यापारी और आमजन से बड़े-बड़े वादे किए लेकिन सरकार में आते ही उनके वादे हवा हो गए।

भाजपा का चार साल सिर्फ विश्वासघात 

कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मोदी सरकार का चार साल का कार्यकाल जनता के साथ हुए विश्वासघात के तौर पर जाना जाएगा। साथ ही, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने भ्रष्टाचार की एक नई परम्परा शुरु की है, जश्न मनाने की। केन्द्र और भाजपा शासित राज्यों में कार्यकाल पूरे होने पर कई दिनों तक जश्न मनाया जाता है। जनता के लाखों-करोड़ों रुपये को बर्बाद किया जाता है। जश्न कार्यक्रमों में बेहिसाब खर्चा करते हैं, जबकि आज देश और भाजपा शासित राज्यों में जनता वादे पूरे नहीं होने से दुखी है। महंगाई ने जनता को बर्बाद कर दिया।

जनता का पैसा जनता की भलाई के लिए होना चाहिए, ना कि जश्न के लिए

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने राज में भी जश्न कार्यक्रम नहीं किए। गहलोत ने कहा कि जनता के ट्रस्टी होते हैं पीएम, सीएम व मंत्री। जनता का पैसा जनता की भलाई के लिए होना चाहिए, ना कि जश्न के लिए। इस वजह से लोगों में आज अविश्वास है। देश में हिंसा का माहौल है। लोगों में भय और अविश्वास है।

‘पेट्रोल दरों में कमी कर मैंने दी थी जनता को राहत’

एक बार फिर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए गहलोत ने कहा कि गलत नीतियों से देश में हालात खराब है। किसानों, युवाओं, व्यापारियों व महिलाओं के लिए मोदी सरकार ने कुछ नहीं किया। देश में महंगाई बढ़ती जा रही है।

कांग्रेस राज में झूठे हथकंडे अपनाकर भाजपा ने महंगाई को लेकर खूब तमाशे किए, लेकिन अब मोदी सरकार क्या कर रही है। क्यों पेट्रोल-डीजल की दरों पर रोक लग रही। क्यों महंगाई नहीं थम रही है। जब मैं राजस्थान का मुख्यमंत्री था तब पेट्रोल दरों को लेकर सोनिया गांधी का निर्देश आया कि जनता को राहत दी जाए। तब पांच सौ करोड़ की राहत देते हुए पेट्रोल टैक्स कम किए। लेकिन आज जब पेट्रोल अस्सी रुपया हो गया तो किसी भी भाजपा सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम नहीं किया।

यह अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है ये

भाजपा भ्रष्टाचार को बढ़ा रही है। झूठे हथकंडे अपनाकर पीएम नरेन्द्र मोदी की छवि को ऐसा बताया जा रहा है, जैसे वे दूध के धुले हुए हो। यह अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। आखिर भाजपा के पास इतना पैसा कहां से आया। चुनावों में भाजपा अनाप शनाप खर्च कर रही है। नोटबंदी से पहले देश भर में भाजपा ने जमीनें खरीदी। आखिर उनके पास कहां से पैसा आया। ये संकेत है कि मोदी सरकार साफ सुथरी नहीं है, बल्कि भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। मोदी सरकार भ्रष्टाचार रोकने में नाकाम रही है। जनता महंगाई से बेहाल है। मोदी सरकार के चार साल के विश्वासघात को कांग्रेस जनता तक पहुंचाएगी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad