Advertisement

ममता के भतीजे और तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी सड़क दुर्घटना में घायल

तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पार्टी की युवा शाखा के अध्यक्ष अभिषेक बनर्जी आज सिंगूर के निकट एनएच-2 पर एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। अभिषेक पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं।
ममता के भतीजे और तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी सड़क दुर्घटना में घायल

यह हादसा उस समय पेश आया जब सांसद अभिषेक बनर्जी मुर्शिदाबाद से कोलकाता लौट रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एडीजी (कानून व्यवस्था) अनुज शर्मा ने बताया, सिंगूर के निकट दुर्गापुर एक्सप्रेसवे पर एक दुर्घटना में अभिषेक बनर्जी घायल हो गए। उन्हें कोलकाता स्थित एक अस्पताल में ले जाया गया। मुझे इस दुर्घटना के बारे में अभी तक कोई विवरण नहीं मिला है। अभिषेक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं और पार्टी के एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद वह मुर्शिदाबाद जिले से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही उनकी एसयूवी दुर्गापुर एक्सप्रेसवे पर सिंगूर पहुंची, वह एक टेलर से टकरा कर पलट गई जिससे उसमें सवार लोग घायल हो गए।

एडीजी शर्मा ने कहा कि बनर्जी को कोलकाता ले जाया गया जहां उन्हें वेल व्यू क्लिनिक में भर्ती किया गया है। अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि उनके इलाज के लिए एक मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है जबकि कुछ चिकित्सा जांच पहले ही की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री अस्पताल के अधिकारियों के संपर्क में हैं जबकि पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता अभिषेक की हालत और इलाज के बारे में पूछताछ करने के लिए अस्पताल पहुंच गए हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad